सीमा पार से ड्रोन ने तरनतारन में गिराई 11 किलो हेरोइन, खेत में छिपी खेप ने खोल दिए तस्करी के नए रास्ते
तरनतारन में सीमा से सटे खेत से 11 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार खेप ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बा ...और पढ़ें

ये AI जनरेटे इमेज है।
HighLights
बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने 11 किलो हेरोइन पकड़ी।
सीमा पार से ड्रोन द्वारा भेजी गई थी यह खेप।
अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। तरनतारन जिले में सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की बड़ी खेप को बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बरामद कर लिया। सीमा से सटे खेत में छिपाकर रखी गई 11 किलो हेरोइन मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि थाना वल्टोहा के प्रभारी उप निरीक्षक विपन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ तस्कर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में हैं। सूचना में आशंका जताई गई थी कि ड्रोन के जरिए हेरोइन की बड़ी खेप सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में भेजी गई है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में साइबर ठगों ने 9 साल में उड़ाए 42 करोड़, पुलिस को मिली 12 हजार शिकायतें; RTI रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
BSF व पुलिस का चला संयुक्त अभियान
सूचना मिलते ही बीएसएफ और थाना वल्टोहा पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा से सटे इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान गांव लाखना निवासी किसान जसविंदर सिंह के खेत में एक प्लास्टिक का बैग और कुछ खुले पैकेट पड़े मिले। जब उनकी जांच की गई तो उनमें कुल 11 किलो हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बरामदगी सीमा पार से होने वाली ड्रोन तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तस्करों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ड्रोन के माध्यम से खेप गिराई और बाद में उसे आगे पहुंचाने की योजना बनाई थी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण उनका मंसूबा सफल नहीं हो सका।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बठिंडा में चोरों के हौसले बुलंद! तीन दिन में 4 वाहन चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात
नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है। अब जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि यह खेप किस तस्करी नेटवर्क से जुड़ी थी और इसे पंजाब या देश के किस हिस्से में पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही ड्रोन की उड़ान, सीमा पार संपर्क और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल संपर्कों और अन्य सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए बीएसएफ और पंजाब पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।