तरनतारन बाइपास पर दर्दनाक हादसा, एक्टिवा सवार बुजुर्ग को कार ने कुचला; चालक हुआ फरार
तरनतारन में झब्बाल बाइपास के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक्टिवा सवार 73 वर्षीय गुरदयाल सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस सीस ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
तरनतारन में सड़क हादसे में बुजुर्ग समाजसेवी की मौत।
तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार को टक्कर मारी।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हुआ।
जागरण संवाददाता, तरनतारन। पंजाब के तरनतारन में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग समाजसेवी की मौत हो गई। झब्बाल बाइपास के पास काजीकोट रोड स्थित लंगर हाल के सामने तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार 73 वर्षीय गुरदयाल सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गुरदयाल सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला टांक क्षत्रिय निवासी गुरदयाल सिंह बैटरियों का कारोबार करते थे। परिवार के मुताबिक रविवार शाम वह एक्टिवा पर किसी काम से झब्बाल बाइपास की ओर गए थे। वापस लौटते समय जब वह गांव काजीकोट मोड़ स्थित लंगर हाल के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आई मारुति सलारियो कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुरदयाल सिंह सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उनकी टांगें और बाजू बुरी तरह टूट गए, जबकि सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर पर फायरिंग का दावा, कनाडा में भी हुआ था हमला
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
खबरें और भी
मृतक के बेटे हरबीर सिंह के बयान के आधार पर थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नवदीप भट्टी ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक गुरप्रीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें- पंजाब के मुक्तसर में नशे के खिलाफ कार्रवाई, 10 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
समाजसेवक थे गुरदयाल सिंह
गुरदयाल सिंह इलाके के जाने-माने समाजसेवी भी थे। उम्र 73 वर्ष होने के बावजूद वह पूरी तरह सक्रिय रहते थे और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। सिटीजन कौंसिल द्वारा आयोजित समाजसेवी कार्यक्रमों में उनकी विशेष भूमिका रहती थी। टांक क्षत्रिय प्रतिनिधि सभा में भी वह लंबे समय से सक्रिय थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया। विधायक हरमीत सिंह संधू, सिटीजन कौंसिल के अध्यक्ष सुखवंत सिंह धामी, डॉ. निर्मलजीत सिंह वरपाल समेत कई गणमान्य लोगों ने परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। स्थानीय श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।