जानकारी के अनुसार गांव माहणेके के पूर्व सरपंच गुरमेहर सिंह के बेटे राजबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका करीबी दोस्त एडवोकेट मनदीप सिंह वार्ड नंबर 17 से आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। राजबीर सिंह लगातार उनके समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहा था।
राजबीर सिंह के अनुसार 24 मई की रात वह किसी परिचित से मिलने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आजाद प्रत्याशी जोधबीर सिंह और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि जोधबीर सिंह ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और धमकी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन करने का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- 11 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पंजाब में 105 रुपए के पार पहुंचा; लोगों की बढ़ी चिंता
पीड़ित के साथ हुई मारपीट
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। धक्का-मुक्की और हाथापाई के दौरान उसके कपड़े भी फट गए। इतना ही नहीं, आरोपित उसका लाइसेंसी रिवाल्वर और 6 कारतूस भी छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। डीएसपी रविशेर सिंह, थाना प्रभारी बलजीत सिंह वड़ैच और एएसआइ सरूप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से फरार हो चुके थे।
यह भी पढ़ें- चुनाव प्रचार थमने के बाद भी सक्रिय रहे राजा वड़िंग!, मुक्तसर में गिद्दढ़बाहा के एसडीएम ने भेजा नोटिस
पुलिस ने कार्रवाई की शुरू
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नगर कौंसिल चुनाव के दौरान हुई इस घटना ने इलाके में राजनीतिक माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान हिंसा और डराने-धमकाने की घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंता का विषय हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।