Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाई कोर्ट के आदेश पर पंचायती जमीन का कब्जा हटाने पर बवाल, तरनतारन के गांव में चली गोलियां; दो गंभीर घायल

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 12:43 PM (IST)

    तरनतारन के गांव ठट्ठी सोहल में पंचायती जमीन का कब्जा पंचायत को मिलने के बाद फायरिंग हो गई। दो लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने कई नामजद और अन्य आरोपितों क ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. तरनतारन में पंचायती जमीन विवाद पर हुई खूनी गोलीबारी।

    2. हाई कोर्ट के आदेश पर कब्जा हटाने के बाद हुई घटना।

    3. गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

    जागरण संवाददाता, तरनतारन। तरनतारन जिले के गांव ठट्ठी सोहल में पंचायती जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि अदालत के आदेश पर प्रशासन ने पंचायत को तीन एकड़ जमीन का कब्जा दिलाया, लेकिन प्रशासन के लौटते ही कब्जाधारी पक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चला दीं। 

    फायरिंग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना झब्बाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गांव के सरपंच जगमीत सिंह ने बताया कि गांव की करीब तीन एकड़ पंचायती जमीन पर गांव निवासी परम सिंह ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था।पंचायत ने इस मामले को अदालत में चुनौती दी थी। सुनवाई के बाद माननीय उच्च न्यायालय ने फैसला पंचायत के पक्ष में सुनाया।

    इसके बाद उपमंडल दंडाधिकारी की अदालत ने परम सिंह को 30 दिनों के भीतर जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया था। सरपंच के अनुसार नोटिस की अवधि पूरी होने के बावजूद जमीन खाली नहीं की गई। इसके बाद अदालत के आदेशों के अनुपालन में नायब तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी समेत सिविल प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में जमीन की निशानदेही कर पंचायत को कब्जा सौंप दिया।

    यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में फिलहाल बदलाव नहीं, बघेल बोले- नेतृत्व कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल नहीं

    प्रशासन के लौटते ही शुरू हो गई फायरिंग

    सरपंच का आरोप है कि जैसे ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कार्रवाई पूरी कर वापस लौटे, परम सिंह और उसके साथियों ने पंचायत पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस फायरिंग में सीटू और गुरबख्श सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अमृतसर के निजी अस्पताल भेजा गया।

    खबरें और भी

    घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना झब्बाल की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में फिलहाल बदलाव नहीं, बघेल बोले- नेतृत्व कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल नहीं

    कई आरोपित नामजद, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

    पुलिस ने सरपंच जगमीत सिंह के बयानों के आधार पर परम सिंह, कुलबीर सिंह, रेशम कौर, जयदीप सिंह, दविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, मनजिंदर सिंह, हरमीत सिंह, जशनदीप सिंह और करनदीप सिंह सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

    जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों और अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

    यह भी पढ़ें- इन शहरों में सफर करना अब होगा महंगा; NHAI ने 8 टोल प्लाजा पर बढ़ाया टैक्स, देखें नई लिस्ट