घर की सफाई और ग्रहों का कनेक्शन: जानिए पुराने कपड़ों से पोंछा लगाना सही या गलत?
ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की साफ-सफाई में पुराने और फटे कपड़ों का इस्तेमाल नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। ...और पढ़ें

फटे पुराने कपड़ों से पोंछा क्यों नहीं लगाना चाहिए? (AI-Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। घर की साफ-सफाई करना हर किसी की दिनचर्या का अहम हिस्सा है, हालांकि हम कई बार घर की साफ-सफाई के दौरान छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जैसे कि सफाई के लिए पुराने कपड़ों का इस्तेमाल करना। अक्सर लोग सोचते हैं कि, पुराने कपड़ों को फेंकने से अच्छा हैं, उनका घर की साफ-सफाई के लिए इस्तेमाल किया जाए। लेकिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में इसे गलत माना जाता है।
दरअसल घर में इस्तेमाल होने वाली हर वस्तु की अपनी एक अलग ऊर्जा होती है। ऐसे में साफ-सफाई के लिए अनुपयुक्त वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाए, तो इसका घर के वातावरण, घर के निवासियों की मानसिक और शारीरिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है। खासकर फटे, गंदे या बदबूदार कपड़ों का इस्तेमाल घर की साफ-सफाई के लिए करने से नकारात्मक ऊर्जा असर दिखा सकती है।

घर की साफ-सफाई का संबंध चंद्रमा और शुक्र से
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, घर की साफ-सफाई का सीधा संबंध चंद्रमा और शुक्र ग्रहों से जुड़ा होता है। जहां चंद्रमा मन की शांति का प्रतीक है, वहीं शुक्र सुख-सुविधा, विलासिता और भौतिक समृद्धि का कारक है। जब घर साफ-सुथरा और व्यवस्थित होता है, तो इन ग्रहों का शुभ प्रभाव बढ़ जाता है। इसके विपरीत अगर साफ-सफाई के लिए गंदे या फटे कपड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो यह नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ घर में भारीपन महसूस हो सकता है।
यदि कोई कपड़ा केवल पुराना है, लेकिन साफ-सुथरा और अच्छी स्थिति में हो उसमें से कोई बदबू न आती हो, तो उसे सफाई के लिए प्रयोग किया जा सकता है। इससे कपड़े का सही इस्तेमाल होने के साथ घर की स्वच्छता बनाए रखने का दोहरा उद्देश्य पूरा होता है।
खबरें और भी
फटे-पुराने कपड़ों से क्यों पोंछा नहीं लगाना चाहिए?
ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, फटे हुए कपड़े राहु और केतु जैसे छाया ग्रहों से जुड़ी अराजक और विघटनकारी ऊर्जाओं को बढ़ावा देने का काम करते हैं। बहुत पुराने और दुर्गंधयुक्त कपड़े न केवल गंदगी फैलाने का काम करते हैं, बल्कि घर में घुटन या भारीपन का माहौल भी पैदा कर सकते हैं। अक्सर पोछा लगाने के बाद भी ताजगी महसूस न होना इसका सबसे बड़ा कारण हो सकता है।
अगर घर के फर्श पर लंबे समय से फटे हुए कपड़ों से पोंछा लगा रहे हैं, तो कुछ खास लक्षण देखने को मिल सकते हैं-
- घर में बेवजह का तनाव होना।
- कार्यों का रुक जाना या पूरा होने के ठीक पहले ही बाधित हो जाना।
- वित्तीय अस्थिरता या पैसा न टिकना।
- नींद के दौरान बेचैनी महसूस करना।
- घर के अंदर उदासी या अकेलापन महसूस करना।
पोंछा लगाने की सही विधि क्या है?
घर में पोंछा लगाने के लिए सबसे शुभ समय सूर्योदय के बाद का माना जाता है। इससे घर में ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा में बढ़ोतरी होती है।
सप्ताह में कम से कम 2 बार पोछा लगाने वाले पानी में नमक मिलाकर घर को साफ करें। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा बेअसर हो जाती है।
घर की साफ-सफाई में इस्तेमाल होने वाले कपड़े को समय-समय पर बदलना चाहिए। कई लोग एक ही कपड़े का तबतक इस्तेमाल करते हैं, जब तक कि वो फट न जाए।
यह भी पढ़ें- फटे कपड़े पहनने से जीवन पर क्या पड़ता है असर? वास्तु शास्त्र में बताई गई हैं ये मान्यताएं
यह भी पढ़ें- बिस्तर पर खाना: बर्बादी को खुली दावत! जानें वास्तु के कड़े नियम
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।