Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा ग्रामीण विधायक का रिपोर्ट कार्ड: टूटी सड़क और खारा पानी, नहीं दूर हो पा रही है जनता की परेशानी

    By Yashpal Singh Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 22 Jul 2026 07:01 PM (IST)

    आगरा ग्रामीण विधायक बेबी रानी मौर्य के रिपोर्ट कार्ड में टूटी सड़कें, जलभराव और खारे पानी जैसी जनता की परेशानियां सामने आई हैं। विधायक ने विकास के दाव ...और पढ़ें

    आगरा ग्रामीण विधानसभा से विधायक बेबीरानी मौर्य।

    आगरा ग्रामीण विधानसभा से विधायक बेबीरानी मौर्य।

    HighLights

    1. ग्रामीण इलाकों में टूटी सड़कें, जलभराव और खारे पानी की गंभीर समस्या।

    2. जनता और विपक्ष ने विकास की कमी पर गहरा असंतोष जताया।

    यशपाल चौहान, आगरा। शहर से लेकर गांवों को समेटे आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र वर्ष 2012 में अस्तित्व में आया। नगर निगम, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों के अलग- अलग विकास के माॅडल भी इसे विकसित नहीं कर पाए हैं। तीन छोरों को छूते हुए भाजपा के विकास रथ का पहिया कई स्थानों पर तो पहुंच ही नहीं पाया है। कुछ स्थानों पर विकास हुआ तो कहीं आंशिक देखने को मिला।

    यहां के कुछ गांव में टूटी सड़कें हैं तो ग्वालियर रोड और जगनेर रोड पर जलभराव की स्थाई समस्या का सही हल चार साल चार माह में नहीं निकल पाया। शमसाबाद रोड पर नवविकसित कालोनियों को जाने वाली टूटी सड़क के आसपास रहने वाले लोग नाराज हैं। यहां कुछ सड़कें बनी हैं, लेकिन अभी बहुत सी बाकी हैं

    कई गांव ऐसे हैं जहां क्षेत्रीय विधायक और महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य की कम सक्रियता को लेकर नाराजगी है। दैनिक जागरण ने क्षेत्र की पड़ताल की तो यही तस्वीर नहीं आई। पेश है आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र से विधायक बेबी रानी मौर्य का रिपोर्ट कार्ड। 

    फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र से सटे कुंडौल गांव में खारे पानी की समस्या है। यहां पुरानी पानी की टंकी जर्जर होने के कारण ध्वस्त कर दी गई। जो वाटर एटीएम लोगों की प्यास बुझाता था, वह भी खराब पड़ा है। यहां के प्रमोद धाकरे का कहना है कि इसे ठीक कराने को पूरी कोशिश की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। चार हजार की आबादी वाले इस गांव में लोगों के लिए पानी की परेशानी है

    खबरें और भी

    शमसाबाद रोड पर बनी 30 से 40 कालोनियों के लोग टूटी सड़कों और उन पर होने वाले जलभराव से परेशान हैं। मलपुरा क्षेत्र के धनौली में मुख्य रोड पर जलभराव की पुरानी समस्या हल नहीं हुई। तीसरे कोने पर शहर के हरे-भरे और स्वच्छ इलाके से सटे खासपुर गांव की बुरी स्थिति है। गांव के लिए जाने वाले मुख्य रोड पर वर्षा में जलभराव रहता है। इसके कारण लोग निकल भी नहीं पाते।

    क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यहां क्षेत्रीय विधायक कभी समस्या देखने भी नहीं आईं। वर्ष 1996 में बनी खासपुर और दयालबाग रोड को जोड़ने वाली सड़क अभी तक नहीं बनी। यह सड़क ही गांव में होकर जाती है। इसलिए गांव में वर्षा के दिनों में निकलना मुश्किल हो जाता है। लोगों में विकास कार्याें की अनदेखी के कारण सत्ता और विधायक दोनों के प्रति आक्रोश है।

    अधिकतर वादे हुए पूरे

    आगरा ग्रामीण उत्तर प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होगा। हमने जो जनता से वादे किए थे, उनमें से अधिकतर पूरे किए हैं। जो बचे हैं, उन्हें पूरा करने के प्रयास चल रहे हैं। इनर रिंग रोड का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे आवागमन सुगम होगा और औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास को नई गति मिलेगी। खेरिया एयरपोर्ट का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है।

    इस वर्ष के अंत तक पूर्ण होने की उम्मीद है। तनौरा- नूरपुर स्थित यमुना नदी पर वर्षों से अधूरा पड़ा पुल शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। भांड़ई जंक्शन से कीठम को जोड़ने वाली नई रेलवे लाइन का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। आगरा–ग्वालियर एक्सप्रेसवे की शुरुआत भी आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से ही होगी

    इसके लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रगति पर है, जिसके पूर्ण होने से आगरा ग्रामीण की कनेक्टिविटी, निवेश, उद्योग, व्यापार एवं रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

    बेबी रानी मौर्य, क्षेत्रीय विधायक और महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री

    स्थितियां हुईं और खराब

    चुनाव के दौरान हमने जो समस्याएं जनता के बीच जाकर देखीं थीं, वे आज भी हैं। लगातार भाजपा के विधायक रहने के बाद भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बल्कि स्थितियां और खराब हुई हैं। सरकार संवैधानिक व्यवस्था के हिसाब से नहीं चल रही है। मेहरा नाहर गंज पुल के लिए लोगों ने धरना तक दिया, लेकिन अभी तक तैयार नहीं हो पाया

    लकावली में वर्षा के समय पर लोगों का घरों से निकलना बंद हो जाता है। महिला सुरक्षा की स्थिति और खराब हुई है। गुठली गांव में वर्षा में हालात ऐस हो जाते हैं कि लोग घरों में कैद हो जाते हैं।

    किरन प्रभा केसरी (वर्ष 2022 में बसपा से चुनाव लड़ीं। दूसरे नंबर पर रहीं।)

    यह भी पढ़ें- आगरा छावनी विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास की तस्वीर दिखाती मेट्रो, ताज भी नहीं खिला सका विकास का फूल



    ये है गणित

    • कुल मतदाता- 3.46 लाख
    • पुरुष मतदाता- 1.92 लाख
    • महिला मतदाता- 1.53 लाख