तुम खुद डूब जाओ...मेरे हाथों यह पाप मत कराओ, झूठी आन की खातिर बेटी की हत्या करने वाले बाप का नहीं पसीजा दिल
दिल्ली से आगरा लाकर झूठी आन की खातिर बेटी की हत्या कर शव चंबल नदी में फेंकने वाले पिता से पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली सामने आई है। पिता ने बेटी को ह ...और पढ़ें

बेटी की हत्या के बाद शव को चंबल नदी में ठिकाने लगाता पिता।
HighLights
-नदी में डुबाने लाए पिता ने बेटी को आत्महत्या करने दिया था विकल्प
-खुद नहीं डूबी तो नदी के बीच में ले जाकर अपने हाथों से डुबो दिया
जागरण संवाददाता, आगरा। तुम खुद डूब कर मर जाओ, मेरे हाथों यह पाप मत कराओ। पिता लखपत ने यह शब्द कहते हुए बेटी को नदी में डूबकर आत्महत्या करने को कहा था। बेटी ने नदी के बीच में जाकर आत्महत्या का प्रयास किया, खुद को पानी में डुबाेया भी, लेकिन बाहर निकल आई। जिसके बाद पिता ने बेटी को नदी के बीच में जाकर अपने हाथों से डुबो दिया। वह छटपटाती रही, लेकिन पिता को रहम नहीं आया।
बेटी को पानी से बाहर नहीं निकाला। पिता लखपत सिंह बघेल को दिल्ली पुलिस ने दो अगस्त को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। बेटी की हत्या की जो कहानी पुलिस को बताई वह हैरान करने वाली थी। पिता लखपत ने बताया कि उसने बेटी को आत्महत्या करने का विकल्प दिया था। मगर, वह साहस नहीं जुटा सकी। कई बार पानी में डूबी, लेकिन कुछ देर बाद ही बाहर निकल आई।
यह देखकर उसे गुस्सा आ गया, वह बेटी को नदी के बीच खींचते हुए ले गया। दोनों हाथों से सिर पकड़कर पानी में डुबो दिया। बेटी काफी देर तक छटपटाती रही, सांस लेने के लिए बाहर निकलने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रही।
वह बेटी के नदी में डूबकर मरने का स्वांग करने वाले फोटो दामाद की मदद से पहले खींच चुका था। उसे यकीन था कि इन फोटो की मदद से वह दिल्ली लौटने के बाद लोगों को उसकें नदी में डूबने का विश्वास दिला देगा।
खबरें और भी
पड़ोसी दरवाजा पीटते रहे, पिता बेटी का गला घोटता रहा
आगरा के बाह में जैंतपुर में इससे पहले रविवार रात को हुए ऑनर किलिंग केस में भी पीछे छिपी बातें सामने आई हैं। पिता ने बेटी के प्रेम विवाह से क्रुद्ध होकर उसका गला घोट दिया। पड़ोसियों को बेटी को नहीं बचा पाने का दुख है। एक दर्जन से अधिक लोग दरवाजा पीटते रहे, इधर पिता विमल शर्मा, बेटी अंकिता का गला घोटता रहा।
रविवार की रात करीब एक बजे विमल शर्मा की बेटी अंकिता की चीखों को सुनकर पड़ोसी अनुज कुमार, रामेन्द्र, श्यामेन्द्र, पप्पू भारद्वाज समेत मोहल्ले के करीब 20 लोग मौके पर पहुंच गए। उन्हें पड़ोसी महिला ने बताया था कि विमल शर्मा के घर से चीखने की आवाजें आ रही हैं। वह लोग विमल शर्मा के दरवाजे पर पहुंचे तो अंदर से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं।
इस बीच उन्होंने विमल शर्मा की पत्नी और बेटे को छत के रास्ते बाहर भागते हुए देखा। करीब आधा घंटे प्रयास के बाद भी विमल शर्मा ने दरवाजा नहीं खोला, तब अंकिता की चीखें बंद हो गयी थीं। जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और 112 नंबर पर काल किया था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो छत पर बने कमरे में अंकिता का शव तख्त पर पड़ा हुआ था।
पिता ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने दबोच लिया। डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि हत्या की साजिश में शामिल मां ओर भाई की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आगरा में 24 घंटे में दूसरी ऑनर किलिंग, पिता ने गर्भवती बेटी को चंबल में डुबोकर मारा