ताजमहल पर खुल गई पर्यटक की साड़ी, महिला सिपाही ने की बांधने में मदद; अर्जेंटीना की टूरिस्ट हुई गदगद
ताजमहल पर अर्जेंटीना की एक पर्यटक की साड़ी खुल गई, जिससे वह असहज हो गईं। ताज सुरक्षा पुलिस की सिपाही गुड्डी देवी ने उनकी मदद की, जिससे पर्यटक ने आभार ...और पढ़ें

ताजमहल पर अर्जेंटीना की टूरिस्ट की साड़ी बांधती महिला कांस्टेबल।
HighLights
अर्जेंटीना की पर्यटक की साड़ी ताजमहल पर खुली।
महिला सिपाही गुड्डी देवी ने साड़ी बांधने में सहायता की।
जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आप कहीं विदेश या दूसरे शहर में घूमने निकलें। वहां की वेशभूषा पहनने की इच्छा तो कर ही आती है। सलवार सूट या अन्य ऊपर से पहने जाने वाली पोशाकें तो आसान होती हैं लेकिन साड़ी को सही करीने से बांध पाना आज भी मुश्किल है। अर्जेटीना की टूरिस्ट के साथ ऐसा ही हुआ। उमंग के चलते साड़ी पहन तो ली लेकिन ताजमहल पर पहुंचकर वह खुल गई।
अर्जेंटीना के पर्यटकों का दल मंगलवार सुबह ताजमहल देखने आया था। ग्रुप में शामिल महिला पर्यटक ने साड़ी पहन रखी थी। साड़ी बार-बार खुलने से पर्यटक असहज हो रही थी। उसके सामने शर्मनाक स्थिति भी बन रही थी। मदद मांगे तो किससे, क्योंकि भाषा का अंतर आड़े आ रहा था।

इतने में ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की सिपाही गुड्डी देवी की नजर टूरिस्ट पर पड़ी। भाषा यहां भी बाधा खड़े किए हुए थी। लेकिन आंखों और चेहरे के भाव दोनों ने पढ़ लिए। गुड्डी देवी ने महिला पर्यटक को साड़ी बांधने और प्लेट्स बनाने में सहायता की। महिला पर्यटक ने सिपाही से साड़ी पहनने के बारे में जानकारी की। पर्यटक ने सहायता के लिए सिपाही का आभार जताया।
बता दें ताज सुरक्षा दल में तैनात क्विक रिस्पांस टीम का अमला देश-विदेश से आए मेहमानों की सहायता में तत्पर रहता है। शिवराज सिंह इस टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। अक्सर हर दिन ही ऐसा होता है कि पर्यटक दल के साथ आए सैलानी अपने ग्रुप से बिछड़ जाते हैं। भाषा के बंधन होने के बावजूद गाइडों की मदद से ये टीम बिछुड़े हुए पर्यटकों को मिलाने का भी काम कर रही है।