UP T20 लीग का चौथा सीजन, प्रदेश के युवा क्रिकेटर्स को मिलेगा IPL जैसा मंच; रोमांच रहेगा भरपूर
यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू होगा और फाइनल कानपुर में खेला जाएगा। यह लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को आईपीएल ...और पढ़ें

आगरा में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यूपी टी 20 लीग की जानकारी देते चेयरमैन डा. संजय कपूर।
जागरण संवाददाता, आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट को आईपीएल स्तर का नया मंच देने के लिए यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन शुरू होने जा रहा है। लीग की शुरुआत 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम से होगी और फाइनल मैच छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
ताजगंज स्थित होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में गुरुवार को हुई प्रेस कान्फ्रेंस में यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लीग मुख्य रूप से लखनऊ और कानपुर में खेली जाएगी। इसके बाद फार्मेट बदलकर दूसरे शहरों में भी मैच कराए जाएंगे। पूरा आयोजन आइपीएल की तर्ज पर होगा, जिससे दर्शकों को आइपीएल जैसा अनुभव मिलेगा।
लीग के लिए शुक्रवार को लगने वाली बोली में आक्शनर अंगद बेदी होंगे। इसमें 250 खिलाड़ियों से अधिक पर बोली लगेगी। 10 खिलाड़ी पांच लाख रुपये में, 45 खिलाड़ी साढ़े तीन लाख रुपये में और बाकी खिलाड़ी ढाई लाख रुपये में फ्रेंचाइजी खरीदेंगी। विभिन्न टीमों के पास पर्स में भी पर्याप्त बैलेंस है।
जिसमें गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये, मेरठ मावरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये और कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये हैं।
खबरें और भी
संजय कपूर ने बताया यूपी टी20 लीग के तरह जल्द ही महिला लीग भी शुरू की जाएगी और इसकी तैयारी चल रही है। लीग का प्रसारण जियो हाॅट स्टार पर किया जाएगा। यह लीग यूपी के युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी। इससे प्रदेश के क्रिकेट को नई ऊंचाई मिलेगी और नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी।