UP T-20 लीग बनी IPL का सीधा रास्ता, आगरा में खिलाड़ियों का ऑक्शन शुरू; मेरठ के शिवम 21 लाख में हुए गोरखपुर के
यूपी टी-20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने का एक मजबूत मंच बन गई है। आगरा में चल रही नीलामी में मेरठ के शिवम चौधरी को गोरखप ...और पढ़ें

होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में हो रही लीग की नीलामी में बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष और यूपीसीए के पूर्व सचिव राजीव शुक्ला व अन्य।
सुमित द्विवेदी, आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की यूपी टी-20 लीग अब प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए सपनों को हकीकत बनाने का बड़ा मंच बन गई है। शुक्रवार को होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में हो रही लीग की नीलामी में बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष और यूपीसीए के पूर्व सचिव राजीव शुक्ला ने कहा यह लीग खिलाड़ियों को आइपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचाने का मजबूत पुल है।
बीते आइपीएल में उत्तर प्रदेश के 18 खिलाड़ी खेल चुके हैं, जिनमें ज्यादातर इसी लीग से निकले हैं। अब आगरा की नीलामी से स्थानीय प्रतिभाओं को भी बड़ी छलांग लगाने का मौका मिलेगा। राजीव शुक्ला ने नीलामी स्थल पर कहा, रणजी ट्राफी और अंडर-23 टीम में हम अधिकतम 20 खिलाड़ी ही उतार सकते हैं।
यूपी टी-20 लीग के जरिए छह टीमों में 120 से ज्यादा खिलाड़ियों को खेलने का मौका दे रहे हैं। इससे प्रतिभाएं निखर रही हैं। उन्होंने बताया चेन्नई सुपर किंग्स ने यूपी के प्रशांतवीर को 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह यूपी क्रिकेट की बढ़ती ताकत का प्रमाण है। लीग के मैचों में आइपीएल के स्काउट्स भी आएंगे। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अगले आइपीएल सीजन के लिए सीधे चयनित हो सकते हैं।
इससे युवाओं में उत्साह बढ़ा है। बताया यूपीसीए ने हाल ही में आगरा समेत कई शहरों में स्पीड हंट ट्रायल के तहत प्रतिभाओं को तलाशा। इसमें 134 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले गेंदबाज मिले। नीलामी में इनमें से 38 तेज गेंदबाज शामिल हैं। कुल 282 क्रिकेटर नीलामी में हिस्सा ले रहे हैं। स्पीड हंट जैसी पहल से छुपी प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है।
खबरें और भी
कहा, यूपी में क्रिकेट सुविधाओं को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। ग्रीन पार्क और इकाना स्टेडियम के बाद बनारस में नया अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बन रहा है। गाजियाबाद में भी स्टेडियम बनाने की योजना आगे बढ़ रही है। उन्होंने आगरा के लिए अच्छी खबर देते हुए कहा अगर यहां बीसीसीआइ के मानकों वाला स्टेडियम बन गया तो लीग के मैच जरूर होंगे।
अभी ऑक्शन आगरा में करवाकर यूपीसीए ने साबित कर दिया है कि आगरा उसकी प्राथमिकता में है। यह लीग न सिर्फ खिलाड़ियों को प्लेटफार्म दे रही है बल्कि पूरे यूपी में क्रिकेट संस्कृति को मजबूत कर रही है।
आगरा के क्रिकेटरों की प्रशंसा
राजीव शुक्ला ने आगरा के क्रिकेटरों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ध्रुव जुरैल और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम इंडिया की शान बन चुके हैं। आगरा महिला क्रिकेट में लंबे समय से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। जिला क्रिकेट संघ भी अच्छा काम कर रहा है। उम्मीद है कि इस लीग में आगरा के कई खिलाड़ी अपनी चमक दिखाएंगे।
गोरखपुर लायंस ने शिवम चौधरी को 21 लाख में खरीदा
यूपी टी20 लीग की नीलामी में गोरखपुर लायंस ने मेरठ के बैट्समैन शिवम चौधरी को 21 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया है। यह अब तक की सबसे बड़ी नीलामी है। चल रही नीलामी प्रक्रिया में शिवम चौधरी सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।
गोरखपुर लायंस ने उन पर भरोसा जताते हुए 21 लाख रुपये की बोली लगाई। मेरठ के रहने वाले शिवम एक अनुभवी बल्लेबाज हैं। पिछले वर्ष ये नोएडा सुपर किंग्स के शुरुवाती मैच के कप्तान रह चुके हैं। वर्तमान में रेलवे टीम से क्रिकेट खेल रहे हैं।
लीग का गणित
- कुल खिलाड़ी: 282
- स्पीड हंट ट्रायल से चुने गेंदबाज: 38
- यूपी के खिलाड़ी पिछले आइपीएल में खेले: 18
- यूपी टी20 लीग मौजूद टीमें: छह
यह भी पढ़ें- UP T20 लीग का चौथा सीजन, प्रदेश के युवा क्रिकेटर्स को मिलेगा IPL जैसा मंच; रोमांच रहेगा भरपूर