यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather News: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, आगरा में बारिश ने बढ़ाई सर्दी, शीतलहर से छूटी कंपकंपी, कोहरा छंटा
UP Weather Update News In Hindi मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया था कि नौ जनवरी में यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। आगरा और बदायूं में सुब ...और पढ़ें

HighLights
- नौ और दस जनवरी को थी बारिश की संभावना
- कोहरा और गलन से बेहाल हैं यूपी के लोग
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजनगरी में मंगलवार सुबह शहर से देहात तक बादलों ने भिगोया। बारिश होने से कोहरा छंट गया। बादल छाए हुए हैं। अफगानिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है।
शहर में सोमवार सुबह और रात को कोहरे की घनी चादर बिछ गई थी। आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई थी। मंगलवार सुबह 4:30 से पांच बजे के मध्य वर्षा हुई। शहर से लेकर देहात तक कहीं अधिक और कम वर्षा हुई। इससे कोहरा छंट गया।
बरसात से गलन बढ़ी
आगरा में सुबह 9:30 बजे के करीब सिकंदरा और आसपास के क्षेत्रों में दोबारा वर्षा हुई। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। गलन बढ़ गई। सर्दी से बचाव को लोग अलाव जलाते दिखे। मौसम विभाग ने मंगलवार को गरज के साथ एक से अधिक बार वर्षा होने का आसार जताया था।
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। वर्षा होने से गलन बढ़ेगी। अभी चार-पांच दिन गलन अधिक रहेगी। बुधवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
शीतलहर के बीच शुरू हुई वर्षा, बढ़ गई ठंड
बदायूं में शीतलहर के बीच मंगलवार सुबह सवा नौ बजे वर्षा शुरू हो गई है। कुछ देर बूंदाबांदी के बाद हल्की वर्षा होने लगी है। वर्षा होने से तापमान में गिरावट आ गई है। ठंड बढ़ गई है। सोमवार शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ था। आज सुबह भी कोहरा बना रहा। नौ बजे अंधेरा छा गया। कुछ ही देर में बूंदाबांदी होने लगी। कड़ाके की ठंड पहले से पड़ रही है। वर्षा के बीच हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है।