आगरा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: 46.5 डिग्री तापमान के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन, दो दिन लू का रेड अलर्ट
आगरा में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और भीषण लू चली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ल ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में मंगलवार को 'रवि' के वार से आसमान से शोले बरसे। सुबह से गर्म हवा चली जो, दोपहर हाेते-होते भीषण लू में बदल गई। तेज धूप और लू में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
तेज धूप व लू में त्वचा झुलस गई। आंखों में जलन मचने और सिर चकराने की समस्या रही। बार-बार पानी पीने पर भी प्यास नहीं बुझी। रात को भी गर्म हवा से राहत नहीं मिली। रात करवटें बदलते हुए बीती। सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आगरा प्रदेश में बांदा (48.2 डिग्री सेल्सियस) के बाद झांसी के साथ प्रदेश में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने दो दिन लू का रेड अलर्ट और आगामी दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

छाता से धूूप का बचाव करती युवती।
सुबह से रात तक गर्मी ने किया परेशान, दिनभर लू ने किया बेहाल
शहर में मंगलवार को सुबह से ही गर्मी का असर देखने को मिला। सुबह 8:30 बजे से ही गर्म हवा चलने लगी। इसके बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ा सूरज की किरणें भी तीखी होती चली गईं। सुबह 11 बजे के बाद तो ऐसा लगा जैसे आसमान से शोले बरस रहे हों। तेज धूप और लू चलने से शहरवासी बेहाल नजर आए। घर या बाहर कहीं राहत नहीं मिली। दोपहर 12 से तीन बजे के मध्य सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा ट्रैफिक कम रहा।
खबरें और भी
दो दिन लू का रेड अलर्ट
धूप व लू से बचाव को शहरवासी स्वयं को पूरी तरह ढककर ही बाहर निकले। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सामान्य से अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। आगामी सप्ताह में गर्मी और लू से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
आगामी दिनों के लिए ऑरेज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार व गुरुवार को भीषण लू चल सकती है। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक रहेगी। 22 से 25 मई तक लू चलेगी। अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
48.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है तापमान
आगरा में मई में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है 28 मई, 2024 को अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। यह आगरा में अधिकतम तापमान का रिकार्ड है।
आगरा में मई में अधिकतम तापमान की स्थिति डिग्री (सेल्सियस में)
- दो मई, 2016, 45.6
- 26 मई, 2017, 45.3
- 27 मई, 2018, 46.1
- 30 मई, 2019, 46.3
- 26 मई, 2020, 46.7
- चार मई, 2021, 42.7
- 15 मई, 2022, 47.7
- 23 मई, 2023, 46.0
- 28 मई, 2024, 48.6
- 16 मई, 2025, 44.5
यह बरतें सावधानी
मोबाइल फोन पर मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अगले 24 घंटे में भीषण लू के प्रकोप का इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। मौसम विज्ञान विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लू के रेड और आरेंज अलर्ट को देखते हुए सावधानी बरतने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
- सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक घर से निकलने से बचें।
- दोपहर में लंबे समय तक धूप के संपर्क में आने से बचें
- हल्के रंग के हल्के, ढीले और पूरी बांह के सूती कपड़े पहनें।
- सनग्लासेज लगाने के साथ सनस्क्रीन का उपयोग करें।
- धूप में जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।
- निर्जलीकरण से बचाव को तरल पदार्थों का सेवन करें।
- ओआरएस घोल, घर में बने पेय पदार्थ लस्सी, चावल का पानी, नीबू पानी, छाछ का उपयोग करें।
- घर को ठंडा रखें और रात में खिड़कियां खाेलकर रखें।
- बच्चों को वाहन के अंदर और जानवरों को खुले में नहीं छोड़ें।
- उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन नहीं करें।
- शराब, चाय और काफी का सेवन करने से बचें।
- दिन में तापमान अधिक होता है, इसलिए उस समय खाना पकाने से बचें
धूप में निकलने से बचें
डीएम मनीष बंसल ने बताया कि जिले में आगामी दिनों में परिस्थिति लू के अनुकूल बनी हुई है। उच्च आर्द्रता व वायुमंडलीय परिस्थिति के कारण उच्च तापमान लोगों को प्रभावित रूप से प्रभावित करता है, जिससे शरीर में पानी की कमी व ऐंठन की समस्या आती है। कभी-कभी इसके चलते लोगों की मृत्यु भी हो जाती है।
शहरी क्षेत्र में तापमान अधिक होने से अर्बन हीट आइलैंड की स्थिति बन जाती है। लू से वृद्ध, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बीमार, मजदूर, गरीब, दुर्बल एवं निराश्रित लोग अधिक प्रभावित होते हैं। लू से बचाव को वह धूप में नहीं निकलें। यदि आवश्यक काम से जाना पड़े तो सिर ढककर रखें।