कफन से टपकता खून और 2 महीने का सस्पेंस... अलीगढ़ में DM के आदेश पर आखिर क्यों खोदी गई किशोरी की कब्र?
अलीगढ़ में 16 वर्षीय शाजिया की संदिग्ध मौत के दो माह बाद जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र खोदकर शव को पोस्टमार्टम के लिए निकाला गया है। ...और पढ़ें

कब्रिस्तान ने शव निकालने के दौरान पहुंची पुलिस
HighLights
दो माह बाद कब्र से किशोरी का शव निकाला गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर शव का पोस्टमार्टम होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। रोरावर क्षेत्र में आठ जून को 16 वर्षीय किशोरी शाजिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में करीब दो माह बाद नया मोड़ आ गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी की मौत बीमारी से हुई थी या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई थी।
किशोरी के स्वजन ने बीमारी से मौत होने का कारण बताते हुए शव को दफना दिया था। हालांकि, शव को कब्रिस्तान ले जाते समय कफन से खून टपकने का दावा कुछ स्थानीय लोगों ने किया था। इसी आधार पर शाहजमाल निवासी दुलारे मियां ने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और डीआइजी से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
लगातार शिकायतें मिलने और मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अश्वनी कुमार ने कब्र की खुदाई के आदेश दिए। शनिवार दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार गुप्ता की मौजूदगी में कब्र खोदी गई। पूरी कार्रवाई और पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।
लगभग दो माह बीत जाने के कारण शव काफी हद तक सड़-गल चुका था। शव को निकालने के बाद तत्काल पोस्टमार्टम गृह भेज दिया गया। कब्र की खुदाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान के बाहर पहुंच गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में खिलौना निकालने के चक्कर में पानी भरे ड्रम में गिरा ढाई साल का मासूम, डूबने से मौत
एहतियात के तौर पर पुलिस ने कब्रिस्तान का मुख्य गेट बंद कर दिया। किसी को अंदर नहीं जाने दिया। दोपहर 12:10 बजे खुदाई शुरू हुई और करीब 12:55 बजे शव बाहर निकाल लिया गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दौरान मृतका के पिता और शिकायतकर्ता दोनों पक्ष मौजूद रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत सामान्य थी या हत्या का मामला है।
संजीव कुमार शर्मा, सीओ प्रथम