पीएम मोदी इस महीने आएंगे अलीगढ़! 1500 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
इस दौरे के लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय परिसर को मुख्य स्थल माना जा रहा है, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। ...और पढ़ें

पीएम मोदी।
HighLights
पीएम मोदी अगस्त के अंतिम सप्ताह में अलीगढ़ आ सकते हैं
1500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर मुख्य स्थल होगा
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगस्त के अंतिम सप्ताह में जिले में आने की संभावनाओं ने प्रशासन व शासन स्तर पर हलचल तेज कर दी है। प्रस्तावित दौरे को देखते हुए करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को अपने-अपने कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारों के अनुसार कार्यक्रम के लिए खैर रोड स्थित राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) परिसर सबसे प्रमुख विकल्प माना जा रहा है। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन मौसम के पूर्वानुमान, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन व जनसभा स्थल की व्यवहारिकता का आकलन भी कर रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए अंतिम कार्यक्रम तय किया जाएगा।
संभावित दौरे को लेकर शासन व जिला प्रशासन हुआ सतर्क
प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों प्रस्तावित है, वे तय समय सीमा में पूरी तरह तैयार हो जाएं। इनमें आरएमपीएसयू भवन, क्वार्सी फ्लाईओवर, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बारहद्वारी की मल्टीलेवल कार पार्किंग समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं। अंतिम सूची शासन स्तर से स्वीकृत के बाद ही तय होगी।
सीएम ने दिया था संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जून को जिले के दौरे पर आए थे। इन्होंने यहां पर विश्वविद्यालय निर्माण कार्यों की समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री ने निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब तलब किया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग व कार्यदायी एजेंसियां फसाड, विद्युत व्यवस्था, लिफ्ट, बाउंड्रीवॉल, लैंडस्केपिंग व अन्य शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराने में जुटी गई थीं।
खबरें और भी
सीएम ने नुमाइश मैदान में आयोजित सभा में भी संदेश दिया था कि वह जल्द ही अलीगढ़ दौरे पर दोबारा आएंगे। ऐसे में वह प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले फिर से तैयारियों के लिए जिले में आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में 5 से 18 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त राशन: अंत्योदय कार्डधारकों को 35 KG, पात्र गृहस्थी को 5 किलो/यूनिट
पीएम ने ही रखी थी विश्वविद्यालय की आधारशिला
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 सितंबर 2021 को किया था। अगर उनका संभावित कार्यक्रम इसी परिसर में होता है तो आधारशिला रखने के बाद उसी विश्वविद्यालय के पूर्ण भवन का लोकार्पण भी उनके हाथों होने की संभावना है। फिलहाल जिला प्रशासन शासन से अंतिम कार्यक्रम का इंतजार करते हुए सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में जुटा है।