500 के नोट को बनाया चीटिंग का जरिया, परीक्षा खत्म होने से पहले ही टीप ली नकल, फिर भी उल्टी पड़ गई चालबाजी
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में एलएलएम प्रवेश परीक्षा के दौरान दो छात्र मोबाइल से नकल करते पकड़े गए। ...और पढ़ें

आरएमपीएसयू कैंपस में प्रवेश परीक्षा देते छात्र-छात्राएं। सौ. प्रबंधन
HighLights
आरएमपीएसयू एलएलएम प्रवेश परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्र।
500 रुपये गिराकर चेकिंग टीम का ध्यान भटकाया गया।
मोबाइल से नकल करते पकड़े जाने पर भी परीक्षा पूरी की।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत एलएलएम, बीकाम एवं एमएससी एग्रोनामी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से हुई। हालांकि, एलएलएम की प्रवेश परीक्षा में एक छात्र और एक छात्रा मोबाइल के जरिए नकल करते हुए पकड़े गए।
प्रबंधन ने कार्रवाई के तहत दोनों से उत्तर पुस्तिका तो ले लीं, मगर दूसरी उत्तर पुस्तिकाएं देकर पुन: परीक्षा में बैठने की अनुमति भी प्रदान कर दी, जिस पर सवाल भी उठ रहे हैं। तीनों परीक्षाओं में 939 के सापेक्ष 767 अभ्यर्थी ही सम्मिलित हुए। परीक्षा के तुरंत बाद प्रबंधन ने उत्तर कुंजी भी जारी कर दी।
जानबूझकर गिरा दिए नोट
जानकारी के अनुसार, परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई थी। जांच से बचने के लिए दोनों अभ्यर्थी ठीक 10 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे। बताया जा रहा है कि प्रवेश द्वार पर छात्र ने 500 रुपये समेत कुछ अन्य नोट जानबूझकर गिरा दिए, जिससे वहां मौजूद जांच टीम का ध्यान कुछ देर के लिए भटक गया।
नोट किसके हैं, इसे लेकर हुई अफरातफरी का फायदा उठाकर दोनों परीक्षा कक्ष तक पहुंच गए। हालांकि बाद में कक्ष निरीक्षक और फ्लाइंग स्क्वाड ने जांच के दौरान दोनों को मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ लिया। तत्काल उनकी उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर ली गईं। दोनों अभ्यर्थियों ने पकड़े जाने के बाद भी कोई विशेष पछतावा नहीं जताया।
खबरें और भी
परीक्षा में नकल का प्रयास विफल
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों अभ्यर्थियों को दूसरी उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराकर परीक्षा पूरी कराई गई। जांच टीम की सतर्कता से प्रवेश परीक्षा में नकल का उनका प्रयास विफल हो गया।
मीडिया प्रभारी गगन प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों पाठ्यक्रमों के लिए कुल 939 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 767 ने परीक्षा दी, जबकि 172 अनुपस्थित रहे। एलएलएम में 425, बीकाम में 244 तथा एमएससी एग्रोनामी में 98 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद मेरिट सूची जारी कर दी। शनिवार तक आपत्तियां मांगी गई हैं, रविवार को मेरिट जारी कर दी जाएगी।