किश्तों में रिश्वत के रुपये ले रहा इंस्पेक्टर निलंबित, अलीगढ़ SSP की कार्रवाई से खलबली; केस भी दर्ज
पीड़ित ने रिश्वत लेते हुए का वीडियो एसएसपी नीरज जादौन को भेजा, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ...और पढ़ें

एसएसपी नीरज जादौन।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर महेश कुमार गौतम ने मारपीट के एक मामले में विवेचना के नाम पर पीड़ित से एक लाख रुपये लिए। इसके बाद भी रुपयों की भूख कम नहीं हुई। पीड़ित ने रिश्वत लेते हुए का वीडियो एसएसपी नीरज जादौन को भेज दिया। एसएसपी ने आरोपित को निलंबित करते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया है।
विवेचना के नाम पर इंस्पेक्टर ली एक लाख की रिश्वत, निलंबित
इगलास क्षेत्र के आनंद विहार कालोनी निवासी रामकुमार शर्मा के भाई के साथ 14 मार्च 2025 को मारपीट की घटना हुई थी। उन्हें चोट भी लगी। इस मामले की विवेचना अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर महेश कुमार गौतम कर रहे थे।
आरोप है कि इंस्पेक्टर ने विवेचना के नाम पर गुमराह करते हुए सात जनवरी को 25 हजार, 13 जनवरी को 50 हजार और एक बार 20 हजार रुपये ले लिए। विधिक राय के नाम पर खंडेलवाल मिष्ठान भंडार पर पांच हजार रुपये लिए।
इगलास क्षेत्र में हुई मारपीट की कर रहे थे विवेचना, किश्तों में लिए रुपये
आरोप है कि इंस्पेक्टर ने यह तक कहा कि पैसा ऊपर तक देना पड़ता है। रुपये देने व सात महीने होने के बावजूद विवेचना पूर्ण नहीं हुई। चार दिन पहले 40 हजार रुपये की और मांग की। कई बार उनको होटलों में खाना खिलाया और मिठाई मंगाई। पीड़ित ने रिश्वत देते हुए का वीडियो बनाकर एसएसपी के सीयूजी नंबर पर भेज दिया।
खबरें और भी
पीड़ित ने रिश्वत लेते का वीडियो बनाकर एसएसपी को भेजा, मुकदमा भी
एसएसपी ने इंस्पेक्टर को निलंबित करते हुए सिविल लाइन थाने में रामकुमार की तहरीर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है। विभागीय जांच भी बिठाई है।
दारोगा को किया लाइन हाजिर
उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना और आमजन से दुर्व्यवहार करने पर एसएसपी ने मडराक थाने में तैनात दारोगा धर्मपाल सिंह को लाइनहाजिर कर दिया। इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें दारोगा एक युवक से अभद्रता कर रहे हैं। यही नहीं वीडियो बनाने पर युवक को थप्पड़ मारा और गालीगलौच की। विभागीय जांच भी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कई दारोगा व मुख्य आरक्षी किए इधर-उधर
कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाने व जनसुनवाई को प्रभावी एवं बेहतर बनाने के लिए एसएसपी ने कई पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। तीन दारोगा, नौ मुख्य आरक्षी व अन्य आरक्षियों को इधर से उधर किया है। अनुशासनहीनता, लापरवाही सामने आने पर सभी को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।