अलीगढ़ में घटिया सड़क निर्माण पर 50 लाख का जुर्माना, 600 M रोड 15 दिन में दोबारा बनाने के आदेश
नगर आयुक्त ने कार्यदायी एजेंसी मैसर्स एबी इंफ्राजोन पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और 600 मीटर सड़क को ...और पढ़ें
HighLights
घटिया सड़क निर्माण पर कार्यदायी एजेंसी पर 50 लाख जुर्माना
600 मीटर सड़क 15 दिन में दोबारा बनाने का आदेश
समय पर काम न होने पर ब्लैकलिस्ट और एफआईआर की चेतावनी
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सीएम ग्रिड योजना के तहत क्वार्सी फार्म तिराहा से दोदपुर तक सड़क निर्माण कराया जा रहा है। मगर केला नगर चौराहा से ख्वाजा गार्डन दोदपुर तक के मार्ग में निर्माण कार्य दोयम दर्जे का किया गया है। गिट्टी उखड़ी दिख रही हैं। कई जगहों पर दरारें भी हैं। सीमेंट व पानी का मिश्रण भी सही नहीं किया गया है।
कार्यदायी एजेंसी मैसर्स एबी इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड पर 50 लाख रुपये जुर्माना लगाने की कार्रवाई नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा की गई है। साथ ही सड़क का 600 मीटर का हिस्सा पूरा उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अगर 15 दिन में फिर से निर्माण नहीं किया जाता तो एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर मुकदमा पंजीकृत कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
15 दिन में पूरी सड़क दोबारा न बनी तो ब्लैकलिस्ट व एफआईआर की कार्रवाई
क्वार्सी फार्म तिराहा से दोदपुर तक 1.830 किलाेमीटर लंबाई की सड़क 23.64 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। शुक्रवार को नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता बीके सिंह के साथ सड़क का निरीक्षण किया केला नगर चौराहा से दोदपुर ख्वाजा गार्डन तक खामियां ही खामियां मिलीं। कई स्थानों पर दरारें, गड्ढे व सतह उखड़ने की स्थिति पाई गई। सड़क पर गिट्टी खुली व ऊपर झलकती हुई दिखी।
सीएम ग्रिड योजना के तहत 23.64 करोड़ रुपये से बन रही सड़क गुणवत्ताहीन
समय से पूर्व सड़क पर यातायात चालू करना, पर्याप्त बैरिकेडिंग न करना, कंक्रीट की समुचित क्योरिंग (रखरखाव) नहीं करना, मिश्रण में पानी की मात्रा अधिक होना और खराब वर्कमैनशिप के कारण सड़क का सत्यानाश होना पाया गया है। पूर्व में भी कई बार एजेंसी को कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए गए लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखा।
नगर आयुक्त ने किया निरीक्षणा तो कई जगह दरारें, उखड़ना, दोयम कार्य मिला
क्षेत्रवासियों द्वारा भी कई बार घटिया सड़क निर्माण की आवाज उठाई गई थी। इस सड़क पर सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, नाला निर्माण, खंभे स्थानांतरित करने, केबल अंडरग्राउंड करने, केबल डक्ट बनाने, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, कैरिज-वे सुंदरीकरण, जल निकासी व्यवस्था के काम प्रस्तावित हैं।
पूर्व में दिए गए नोटिस
कार्यदायी एजेंसी को गुणवत्ता सुधार व काम ठीक से करने के लिए एक-दो नहीं चार-चार नोटिस दिए गए थे। 16 जनवरी 2026 को पहला नोटिस दिया गया था। इसके बाद सात फरवरी 2026, 27 फरवरी, 18 मार्च को नोटिस जारी किए गए। मगर एजेंसी द्वारा अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
केलानगर से दोदपुर ख्वाजा गार्डन तक सड़क का निर्माण गुणवत्ताहीन मिला है। एजेंसी के विरुद्ध 50 लाख रुपये जुर्माना लगाने की कार्रवाई की है। चेतावनी दी गई है कि 15 दिन में लगभग 600 मीटर सड़क दोबारा उखाड़कर तैयार न की गई तो ब्लैकलिस्ट व एफआईआर कराने की कार्रवाई होगी।
प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।