अंबेडकरनगर में वाटर कूलर में उतरा करंट, चपेट में आने से मजदूर की हुई मौत
अंबेडकरनगर के टांडा में बस स्टेशन के पास एक मजदूर की वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस, राजस्व और पावर कारपोरेशन के अधिकारी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
टांडा में वाटर कूलर से करंट लगने से मजदूर की मौत।
पुलिस, राजस्व और पावर कारपोरेशन अधिकारी कर रहे जांच।
अवैध कटिया लगाकर वाटर कूलर चलाने का हुआ खुलासा।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। वाटर कूलर में उतरे करंट से मजदूर की मौत हो गई। घटना टांडा में बस स्टेशन के निकट हुई। पुलिस, राजस्व व पावर कारपोरेशन के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। टांडा नगर पालिका ने बस स्टेशन के निकट वाटर कूलर लगाया है, जो काफी पुराना बताया जा रहा है।
नेहरूनगर मेहनिया मुहल्ले के बेचू हयातगंज के जवाहर के घर पर करीब 15 वर्षों से रहते थे। जवाहर चाट की दुकान चलाते थे। बेचू भी दुकान पर काम करते थे। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे बेचू वाटर कूलर पर पानी पीने और लेने के लिए गए थे। टोटी दबाते ही करंट की चपेट में आ गए।
झुलसने से बेहोश होकर वाटर कूलर के पास गिर गए। स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा ले गए, जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व व पावर कारपोरेशन के अधिकारी पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं।
पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों की अब तक की जांच में कटिया लगाकर वाटर कूलर संचालित करना पाया गया। वहीं लेखपाल पहुंचकर स्वजन व स्थानीय लोगों पूछताछ कर रहे हैं। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।