Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंबेडकरनगर के शिक्षक की अपहरण के बाद हत्या, अयोध्या में सरयू नदी के किनारे मिला शव

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

    अंबेडकरनगर के शिक्षक अरुण कुमार वर्मा का शव अयोध्या में सरयू नदी किनारे मिला। पिता ने सुलतानपुर के अज्ञात मित्रों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है, ...और पढ़ें

    मृतक अरुण वर्मा, फाइल फोटो

    मृतक अरुण वर्मा, फाइल फोटो

    HighLights

    1. शिक्षक अरुण कुमार वर्मा का शव सरयू नदी किनारे मिला।

    2. पिता ने अज्ञात मित्रों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया।

    3. पुलिस मामले की छानबीन कर रही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

    संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। घर से सुलतानपुर के लिए निकले शिक्षक का शव अयोध्या में सरयू नदी किनारे मिला। पिता ने शिक्षक के अज्ञात मित्रों पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

    अहिरौली के नकटहा के अरुण कुमार वर्मा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर में शिक्षक (अतिथि व्याख्याता) थे। दो वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। वे सुलतानपुर स्थित केएनआइ के छात्र रहे। पढ़ाई के दौरान कुछ मित्रों से रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार की सुबह सुलतानपुर से बाइक से आठ-नौ लोग रुपये लेने के लिए उनके घर आए थे। इस दौरान अरुण व उनके पिता जियाराम वर्मा से जमकर कहासुनी हुई थी।

    स्वजन के सामने ही वे बार-बार अरुण से निपटने की बात कह रहे थे। इस दौरान जियाराम ने उन्हें समझाकर कुछ दिन में रुपये आनलाइन भेजने की बात कही। आरोपितों ने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) टीम को बुला लिया। पुलिस के समझाने पर वे लोग आनलाइन धन भेजने के लिए अपना मोबाइल नंबर देकर चले गए।

    कुछ देर बाद अरुण ने घरवालों को बताया कि उनका चयन लखनऊ विश्वविद्यालय में शिक्षक पद पर हो गया है। वे रिकॉर्ड का सत्यापन कराने के लिए सुलतानपुर जा रहे हैं। इसके बाद बाइक से घर से निकले। स्वजन के मुताबिक मित्रों ने ही रास्ते में उनका अपहरण कर लिया।

    आधे घंटे बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शाम को उनका शव अयोध्या के गोसाईंगंज थाने के शेरवाघाट पर सरयू नदी किनारे सरपत के झुरमुट में मिला। बाइक व हेलमेट कुछ दूरी पर बरामद हुआ। बाइक के जरिए वाहन स्वामी के नाम व गांव के बारे में जानकारी हुई तो गोसाईंगंज पुलिस ने अंबेडकरनगर पुलिस के कंट्रोलरूम को सूचना दी।

    खबरें और भी

    इस पर अहिरौली पुलिस घर पहुंची तो शव मिलने की जानकारी हुई। स्वजन ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पिता जियाराम ने सुलतानपुर के युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। गोसाईंगंज थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि जांच व आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शिक्षक की मौत कैसे हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हाे सकेगी।

    2025-26 का रहा अनुबंध

    अरुण वर्मा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में अतिथि व्याख्याता थे। बीते शिक्षण सत्र 2025-26 में 11 माह के अनुबंध पर तैनात रहे। कॉलेज के कार्यवाहक कुलसचिव विशाल चंदेल ने बताया कि वह स्वभाव के काफी सरल तथा विषय में अच्छी पकड़ रखने वाले थे। उनके दिवंगत होने की जानकारी मिली है।

    यह भी पढ़ें- पढ़ाई के दौरान फेसबुक से दूरी, किस्त पर मोबाइल लेकर की तैयारी; अंबेडकरनगर के छात्रों ने नीट में मारी बाजी