Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, 5000 बिजली के खंभो पर बांधी जाएंगी पॉलिथीन

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 05:31 PM (IST)

    बिजली विभाग ने अमरोहा में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। करंट के खतरे वाले 5000 खंभों पर पॉलिथीन बा ...और पढ़ें

    5000 बिजली के खंभो पर बांधी जाएंगी पॉलिथीन।

    5000 बिजली के खंभो पर बांधी जाएंगी पॉलिथीन।

    HighLights

    1. कांवड़ यात्रा सुरक्षा हेतु बिजली विभाग अलर्ट।

    2. 5000 खंभों पर करंट रोकने को पन्नी।

    3. 70 जर्जर बिजली खंभे बदले जाएंगे।

    जागरण संवाददाता, अमरोहा। कांवड़ यात्रा के दौरान खंभों में करंट दौड़ने से श्रद्धालुओं के साथ अनहोनी की आशंका रहती है। लिहाजा उनकी सुरक्षा को लेकर बिजली विभाग भी अलर्ट हो गया है। जिलेभर में करीब 5000 खंभे ऐसे हैं जिन पर करंट आने का खतरा है। लिहाजा विभाग ने इन खंभों पर पन्नी बांधनी शुरू कर दी। वहीं 70 जर्जर खंभों को चिह्नित कर उन्हें बदलवाया जा रहा है।

    सावन माह शिव भक्तों के लिए पवित्र व महत्वपूर्ण है। हालांकि कांवड़ यात्रा 28 जुलाई से शुरू होगी, लेकिन शिवभक्ताें में अभी से ही जबरदस्त उत्साह है। इस अवसर पर शिवभक्त बढ़ी संख्या में अपने-अपने जत्थों के साथ गंगा नदी, हरिद्वार से कांवड़ लेने जाएंगे और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

    इस अवसर पर जिले के अलावा अन्य जगहों के कांवड़िये अमरोहा में बिजनौर रोड, अतरासी रोड, अमरोहा-जोया रोड, जोया हाईवे, गजरौला हाइवे, धनौरा व हसनपुर के मुख्य मार्गो से होकर नाचते गाते गुजरते हैं। ऐसे में नीचे गुजर रही बिजली लाइनों, जर्जर खंभों में करंट दौड़ने से उनकी चपेट में आकर कांवड़ियों के साथ बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है।

    लिहाजा बिजली विभाग ने पहले से ही उनकी सुरक्षा की तैयारियां करनी शुरू कर दी है। विभाग ने जिलेभर में करीब 5000 खंभे चिह्नित किए है, जिन पर करंट दौड़ सकता है। उन पर पन्नी बंधवाना शुरू कर दिया है। जर्जर लाइनों के तार टूटने की जहां संभावना है। ऐसी पचास लाइनों को चिह्नित कर उनके नीचे जाल बंधवाए जा रहे हैं।

    खबरें और भी

    इसके अलावा 70 जर्जर खंभे खड़े हैं, जिन पर बिजली की लाइन गुजर रही है और वह कभी भी टूटकर नीचे गिर सकते हैं। यह खंभे गजरौला रोड, धनौरा-गजरौला रोड, हसनपुर रोड, अमरोहा में खड़े है। विभाग जिनको बदलवाने का कार्य कराएगा।

    80 ट्रांसफार्मरों की कराई जाएगी बेरीकेडिंग

    अधीक्षण अभियंता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिन मार्गों से होकर कांवड़िये गुजरेंगे। उन मार्गो में करीब 80 ट्रांसफार्मर बिना बेरीकेडिंग के रखे हुए हैं। जिनसे उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दी जा रही है। इनके आसपास कोई कांवड़िया न भटके और कोई हादसा न हो। इसके लिए ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ बेरीकेडिंग कराई जा रही है।

    मंदिरों के आसपास भी विभाग की नजर

    अधीक्षण अभियंता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अमरोहा में श्री वासुदेव तीर्थ मंदिर, श्री बाबा गंगानाथ मंदिर, हसनपुर, गजरौला, जोया, धनौरा में शिव मंदिरों पर बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक को पहुंचेंगे। इन मंदिरों पर जाने वाले मुख्य मार्गों पर भी खंभों पर पन्नी बांधकर ट्रांसफार्मरों की बेरीकेडिंग कराई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- Vindhya Expressway : विंध्य एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित एलाइनमेंट में फंसा पेच, UPEIDA नए सिरे से सर्वे के बाद करेगा संशोधन