Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमरोहा फर्जीवाड़ा: सपा विधायक की भाभी का बड़ा खुलासा, 'सचिव ने बिना बताए कर दिया लाखों का खेल'

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:00 AM (IST)

    अमरोहा के जोया ब्लॉक में ग्राम पंचायतों में 26.88 लाख रुपये के खर्च में अनियमितता का मामला सामने आया है। शकरपुर-समसपुर की प्रशासक हुस्न बानो ने पंचायत ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक इमेज

    प्रतीकात्मक इमेज

    HighLights

    1. बिना पसंद की फर्म को किया लाखों का भुगतान, बिना मेरी स्वीकृति व जानकारी के किया खेल

    2. डीएम के नाम शिकायती पत्र डिप्टी कलेक्टर को सौंपकर निष्पक्षता से जांच कराने को उठाई मांग

    राहुल शर्मा, अमरोहा। जोया ब्लाक क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों में डीएम की बिना अनुमति के बगैर पंचायत सचिव व प्रशासकों द्वारा खर्च की गई 26.88 लाख रुपये की धनराशि के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को समाजवादी पार्टी से सदर विधायक महबूब अली के छोटे भाई शमशुद्दीन की पत्नी हुस्न बानो कलक्ट्रेट पहुंची। इस समय वह शकरपुर-समसपुर पंचायत की प्रशासक हैं।

    उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव ने ही पूरा फर्जीवाड़ा किया है। मेरी जानकारी व स्वीकृति के बिना लाखों का भुगतान अपनी पसंद की फर्म को किया है। इसके बारे में सूचना तक नहीं दी है। उन्होंने मामले की निष्पक्षता से जांच कराए जाने की मांग उठाई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

    दोपहर करीब एक बजे हुस्न बानो अपने स्वजन के साथ कलक्ट्रेट पहुंची। यहां पर उन्होंने डीएम के नाम संबोधित शिकायती पत्र डिप्टी कलेक्टर रविंद्र कुमार को सौंपा। कहा कि मैं प्रशासक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कर रही हूं।

    मेरी पंचायत में सचिव मोनू कुमार ने 15 जुलाई को ग्राम निधि खाते से कुल 4,06,207 रुपये का भुगतान किया है। मेरी जानकारी व स्वीकृति के अनुसार केवल 1,91,757 रुपये का भुगतान ही किया जाना था।

    यह मेरे कार्यकाल में कराए गए नूर हसन के मकान से अली वारिस के मकान तक इंटरलाकिंग एवं नाली निर्माण कार्य के अवशेष भुगतान के लिए स्वीकृत था। परन्तु, मेरी जानकारी, अनुमति एवं स्वीकृति के बिना शेष 2,14,450 रुपये का भुगतान अपनी पसंदीदा फर्म पर कर लिया।

    खबरें और भी

    यह खर्च किस कार्य के सापेक्ष, किस आधार पर तथा किसके पक्ष में किया गया, उसके बारे में कोई सूचना नहीं दी गई। न ही संबंधित अभिलेख मेरे समक्ष प्रस्तुत किए गए।

    पंचायत सचिव ने ही फर्जीवाड़ा कर धनराशि निकाली है। उन्होंने मामले की निष्पक्षता से जांच कराए जाने की मांग की है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने जांच के लिए शिकायती पत्र सीडीओ को भिजवा दिया है।

    लाखों के खर्च मामले की जांच पूरी, डीपीआरओ को सौंपी रिपोर्ट

    पंचायतों में लाखों रुपये खर्च के मामले की जांच पूरी हो गई है। जांच अधिकारी व एडीओ पंचायत जोया राजवीर सिंह ने रजबपुर, शकरपुर समसपुर, सूदनपुर, मंगूपुरा, ईंट का रढ़ा, गफ्फारपुर, अटेरना, शहबाजपुर कलां व कूबी में हुए खर्च के अभिलेखों की पड़ताल कर ली है।

    सोमवार की देर शाम उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट डीपीआरओ को सौंप दी है। अब उनके स्तर से ही मामले में कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। जांच अधिकारी के मुताबिक- जांच पूरी कर अधिकारियों को रिपोर्ट दे दी गई है।

     

    जांच रिपोर्ट का अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी। इसमें कोई भी दोषी होगा, उसको बख्शा नहीं जाएगा। कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    - नितिन कुमार, डीपीआरओ


    यह भी पढ़ें- अमरोहा: 29 क्विंटल एक्सपायर्ड नमकीन-नूडल्स बेचने वाले कलीम पर ₹8 लाख का जुर्माना, 2 लाख में फंसा बुलंदशहर का कारोबारी