Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अनोखी भक्ति: कांवड़ पर अखिलेश-डिंपल की फोटो, हरिद्वार से गंगाजल ला रहे सपा समर्थकों का मन्नत जान चौंक जाएंगे लोग

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 11:41 PM (IST)

    मैनपुरी के शिवभक्त हरिद्वार से ऐसी कांवड़ लेकर निकले जिस पर अखिलेश यादव और डिंपल यादव के चित्र लगे थे। वे शिवरात्रि पर जलाभिषेक कर सपा नेताओं की दीर्घ ...और पढ़ें

    अखिलेश यादव व डिंपल यादव के चित्र लगी कांवड़ लेकर गुजरते मैनपुरी के कांवड़िए जागरण

    अखिलेश यादव व डिंपल यादव के चित्र लगी कांवड़ लेकर गुजरते मैनपुरी के कांवड़िए जागरण

    HighLights

    1. मैनपुरी के शिवभक्त सपा नेताओं के चित्र लगी कांवड़ लेकर निकले

    संवाद सहयोगी, मंडी धनौरा (अमरोहा)। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर से गुजरी एक अनोखी कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कांवड़ पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव के चित्र लगे थे। तस्वीरों वाली कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों को देखकर स्थानीय लोगों में कौतूहल रहा। कई लोगों ने रुककर कांवड़ के बारे में जानकारी भी ली। यह कांवड़ शहर में चर्चा का केंद्र बनी रही।

    30 जुलाई से पवित्र श्रावण मास शुरू हो चुका है। सावन में भगवान शिव के भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। बिजनौर स्टेट हाईवे से होकर बुलंदशहर, हाथरस, मथुरा, संभल समेत विभिन्न जनपदों के कांवड़िये गुजर रहे हैं। इसी दौरान मैनपुरी जिले के झंडाहर गांव निवासी अजीत व शिवम भी अपने कंधों पर विशेष कांवड़ लेकर मंडी धनौरा पहुंचे।

    कांवड़ पर अखिलेश यादव व मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव के चित्र देखकर लोगों ने दोनों शिवभक्तों से इसका कारण पूछा। उन्होंने बताया कि वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गांव झंडाहर स्थित शिवालय पहुंचेंगे।

    शिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के साथ ही अखिलेश यादव और डिंपल यादव की दीर्घायु की कामना करेंगे। सपा नेताओं के चित्र वाली यह कांवड़ रास्ते भर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने कांवड़ को अनोखा बताते हुए शिवभक्तों से बातचीत की और आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

    छह अगस्त से कांवड़ियों की आमद बढ़ने की संभावना

    सावन मास की शिवरात्रि 11 अगस्त को है। इसे लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रखी है। सावन का पहला सोमवार बीतने के बाद भी बिजनौर स्टेट हाईवे पर पुलिस और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

    खबरें और भी

    अधिकारियों के अनुसार, छह अगस्त से कांवड़ियों की आमद बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद है और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ ही आम राहगीरों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- MJPRU Convocation: अमरोहा की बेटियों ने मारी बाजी, अंजलि‍, प्रियांशी और भव्या को मिला स्वर्ण पदक