Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरैया में हाईवे पर आवारा मवेशी बना काल, भीषण सड़क हादसे में लोडर चालक की मौत

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 09:39 AM (IST)

    औरैया में कानपुर-इटावा हाईवे पर मवेशी के सामने आने से एक लोडर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई, जिससे पीछे से आ रहा दूसरा लोडर उससे टकरा गया। हादसे में पीछ ...और पढ़ें

    सड़क हादसे में चालक की मौत।

    सड़क हादसे में चालक की मौत।

    HighLights

    1. औरैया हाईवे पर मवेशी के कारण लोडर ने ब्रेक लगाई।

    2. पीछे से आ रहे लोडर ने टक्कर मारी, चालक फंसा।

    3. केबिन में फंसे चालक विशाल को मृत घोषित किया गया।

    जागरण संवाददाता, औरैया। शुक्रवार देर रात कानपुर-इटावा हाईवे के प्रतापपुरा ओवरब्रिज पर मवेशी सामने आने से एक लोडर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रहा दूसरा लोडर अनियंत्रित होकर उसमें जा भिड़ा। हादसे में पीछे चल रहे लोडर का चालक केबिन में फंस गया। पुलिस और हाईवे टीम ने उसे बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

    इटावा जनपद निवासी श्याम सुंदर कानपुर से टाइल्स पाउडर लोड कर लोडर से ग्वालियर जा रहे थे। शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे अजीतमल क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव के पास नेशनल हाईवे-19 के ओवरब्रिज पर पहुंचे। इसी दौरान सड़क पर मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के लिए श्याम सुंदर ने लोडर में इमरजेंसी ब्रेक लगा दी।

    इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे लोडर का चालक 20 वर्षीय विशाल पुत्र ऊदल कुमार, निवासी ग्राम हथुमा, थाना डेरापुर, कानपुर देहात, वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसका लोडर आगे चल रहे लोडर में पीछे से जा भिड़ा। विशाल भोले बाबा मिल्क फूड इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जैनपुर, स्वरूप नगर, कानपुर से कृष्णा घी लोड कर आगरा जा रहा था।

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशाल लोडर के केबिन में फंस गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाल विनोद राजपूत, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक करिवेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एनएचएआइ की पेट्रोलिंग टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सूचना मिलने पर स्वदेशी उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने में मदद की।

    खबरें और भी

    दमकल वाहन भी घटनास्थल पर पहुंच गया। निजी बुलडोजर की मदद से काफी प्रयास के बाद विशाल को केबिन से बाहर निकाला गया। उसे हाईवे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस और हाईवे टीम ने वाहनों को एक लाइन से निकलवाकर यातायात सुचारु कराया, जिससे जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस ने दोनों लोडरों को कब्जे में ले लिया है। वाहन में मिले दस्तावेजों के आधार पर विशाल के स्वजन को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

    पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि सड़क हादसे में लोडर चालक विशाल की मौत हुई है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- औरैया में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, मौके पर मौत