Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरैया: घर पर चल रहा था 'शुद्धि' का कार्यक्रम, तभी जिंदा लौटा युवक; सामने देखकर पुलिस और परिवार वाले हुए हैरान

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 11:17 AM (IST)

    औरैया में अपने शुद्धि कार्यक्रम के दौरान कमल नाम का व्यक्ति जिंदा घर लौट आया, जिससे सभी हैरान रह गए। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जिस शव का अं ...और पढ़ें

    जिंदा लौटा युवक (फाइल फोटो)।

    जिंदा लौटा युवक (फाइल फोटो)।

    HighLights

    1. कमल शुद्धि कार्यक्रम के दौरान जिंदा घर लौटा।

    2. परिवार और पुलिस उसकी वापसी से सकते में आ गए।

    3. पुलिस अब अंतिम संस्कार किए गए शव की पहचान कर रही है।

    जागरण संवाददाता, औरैया। अटसू क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी दशरथ द्वारा अपने भाई कमल की मृत्यु का शुद्धि संस्कार किया जा रहा था। कमल को सामने देख होश उड़ गए। उसे जिंदा आया देख मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। साथ ही प्रश्न चिन्ह भी खड़ा हो गया कि अगर कमल जिंदा है तो फिर अंतिम संस्कार जिसका किया गया वह कौन था?

    18 जुलाई शनिवार को क्षेत्र के भीखेपुर गांव के पास हाईवे किनारे ढहाए गए अवैध जर्जर होटल के मलबे के पास बकरी चरा रहे लोगों ने बदबू महसूस की थी। मलबे के पास युवक के शव को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश की थी।

    शव से आ रही बदबू और उस पर रेंग रहे कीड़ों को देखकर शव काफी पुराना लग रहा था। मेहरून रंग की शर्ट, नीले रंग का लोअर पहने था। गले में तौलिया, कलाई पर ब्रेसलेट पहने था। मुंह आधा कुचला होने से हत्या कर शव फेंके जाने का अनुमान लगाया जा रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में ,72 घंटे के लिए शव को रखवा दिया था ताकि शिनाख्त हो सके।

    क्षेत्र के सैदपुर निवासी दशरथ सिंह ने 25 जून से कमल से बात न हो पाने, मोबाइल स्विच ऑफ हो जाने की बात कहते हुए शव की शिनाख्त अपने भाई कमल सिंह के रूप में की। तो पुलिस ने विधिक कार्यवाही के बाद शव उसको सौंप दिया था। उसने कमल के रूप में उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।

    खबरें और भी

    हालांकि अभी तक दशरथ की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी । किंतु कमल की पत्नी की ओर लोग उंगली उठा रहे थे। अंतिम संस्कार के बाद शनिवार की शाम शुद्धि कार्यक्रम चल रहा था। अंतिम संस्कार के तीसरे दिन घर पहुंचे कमल को देख मौजूद लोग सकते में आ गए। खुद अपना अंतिम संस्कार और हो रही शुद्धि देख वह भी अचंभे में पड़ गया।

    कमल के जिंदा होने की सूचना पर पुलिस भी गांव की ओर दौड़ पड़ी। और पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। वहीं कमल की ससुराल से भी काफी लोग पहुंच गए। अब पुलिस यह जानकारी कर रही हे कि जिस शव का पोस्टमार्टम हुआ और जिसका अंतिम संस्कार किया गया, वह शव किसका था ?

    पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि कमल सिंह के जीवित मिलने के बाद मामले की दोबारा गहन जांच शुरू कर दी गई है। कमल सिंह से पूछताछ की जा रही है तथा जिस अज्ञात शव का अंतिम संस्कार किया गया था, उसकी वास्तविक पहचान कराने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- औरैया में कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, घायल हुए 7 लोग; पुलिस ने दर्ज किया केस