Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या में 50 लाख की चोरी का राज बरकरार, डेढ़ माह बाद भी खाली है पुलिस के हाथ

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 06:59 PM (IST)

    अयोध्या के धमौरा गांव में रिटायर्ड सैन्यकर्मी के घर हुई 50 लाख की चोरी का डेढ़ माह बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और एसओजी की टीमें जांच में जुटी ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. रिटायर्ड सैन्यकर्मी के घर 50 लाख के जेवरात की चोरी।

    2. डेढ़ माह बाद भी पुलिस चोरों का पता नहीं लगा पाई।

    3. पीड़ित परिवार निराश, पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल।

    संवाद सूत्र, पटरंगा (अयोध्या)। धमौरा गांव में रिटायर्ड सैन्यकर्मी के घर हुई करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात की सनसनीखेज चोरी का राजफाश डेढ़ माह बाद भी नहीं हो सका है।

    पुलिस के साथ एसओजी की टीम भी जांच में लगी है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे पीड़ित परिवार में निराशा है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

    धमौरा गांव निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी रामविलास सिंह के घर 14 जून की रात चोरी हुई थी। उस समय पूरा परिवार लखनऊ स्थित कमांड अस्पताल में आंख के आपरेशन के सिलसिले में गया था। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी, बक्से व लाकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए।

    पुलिस ने डाग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए थे। कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। पीड़ित रामविलास सिंह का कहना है कि चोरी में जीवनभर की जमा-पूंजी चली गई।

    घटना के बाद केवल एक बार हल्का दरोगा घर आए, लेकिन इसके बाद किसी अधिकारी ने न तो जांच की प्रगति से अवगत कराया और न ही परिवार की कोई सुधि ली।

    प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। एसओजी समेत अन्य टीमें विभिन्न बिंदुओं पर काम कर रही हैं। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश होगा।

    यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए अभेद्य घेरा, सीसी कैमरों से भी रहेगी नजर

    खबरें और भी