नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय को मिली बड़ी सौगात, 45 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक सभागार
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या में 45 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ हजार क्षमता का अत्याधुनिक सभागार बनेगा। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रवीण तिवारी, अयोध्या। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। परिसर में एक और बड़ा अत्याधुनिक सभागार निर्मित किया जाएगा। इसके निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इस परियोजना पर 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें डेढ़ हजार विद्यार्थी, शिक्षक व आगंतुक किसान एक साथ बैठ सकेंगे। लंबे अर्से से विवि में ऐसे सभागार की कमी महसूस की जा रही थी। बताया गया विवि के प्रस्ताव पर शासन ने धन भी आवंटित किया है। जल्द ही निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
विवि के अभियंता ओम प्रकाश सिंह ने नये सभागार पर 45 करोड़ खर्च की बात कहते हुए इसकी पुष्टि की। यह सभागार विश्वविद्यालय में बने अन्य सभागारों से सबसे अधिक क्षमता का होगा। इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएडंडीएस करेगी, जो चार एकड़ में विस्तारित होगा।
इसके निर्माण के बाद विवि में एक छत के नीचे बड़ी गतिविधियां, जैसे किसान सम्मेलन, दीक्षा आयोजन, देश भर के वैज्ञानिकों की मीट संपन्न हाे सकेगी। यह जिले का सबसे बड़ा सभागार भी बनेगा।
अभी तक विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में अलग-अलग महाविद्यालयों और विभागों के अंतर्गत कई सभागार, सेमिनार हाल और कॉन्फ्रेंस हाल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट का सभागार है, जिसकी क्षमता पांच सौ के करीब है।
इसके अतिरिक्त वेटरनरी और कम्युनिटी साइंस सभागार हैं। यही नहीं प्रत्येक कालेज जैसे कृषि कालेज, पशुचिकित्सा में अलग- अलग सेमिनार और मीटिंग हाल भी हैं। विवि प्रशासन ने बताया कि इसके निर्मित होने के बाद यह विवि का सबसे बड़ा सभागार हो जाएगा। साथ ही डेढ़ हजार संख्या की बड़ी वैज्ञानिक मीटिंग हो सकेंगी।