अयोध्या राम मंदिर: अब सेना के जवानों का डोगरा रेजीमेंटल सेंटर से ही बनेगा सुगम दर्शन पास, ट्रस्ट ने जारी की नई ID
अयोध्या में सेना के जवानों को अब राम मंदिर दर्शन पास के लिए यात्री सेवा केंद्र नहीं जाना पड़ेगा। डोगरा रेजीमेंटल सेंटर के सैनिक सदन से प्रतिदिन 400 सु ...और पढ़ें

राम मंदिर
HighLights
सेना के जवानों को राम मंदिर दर्शन पास की सुविधा।
पास अब डोगरा रेजीमेंटल सेंटर के सैनिक सदन से मिलेंगे।
प्रतिदिन 300 सुगम और 100 विशिष्ट पास जारी होंगे।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। भारतीय सेना के जवानों व अधिकारियों को अब राम मंदिर के दर्शन पास बनवाने के लिए यात्री सेवा केंद्र का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और ट्रस्टियों से अनुराेध भी नहीं करना होगा। उन्हें रामलला व राम परिवार सहित रामजन्मभूमि परिसर में विराजे अन्य देवों के दर्शन के लिए कैंट के डोगरा रेजीमेंटल सेंटर (डीआरसी) स्थित सैनिक सदन से ही पास मिल जाएगा।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सैनिक सदन के नाम से नई आईडी जारी कर दी और प्रतिदिन के दर्शन पास का कोटा भी निर्धारित कर दिया है। सैन्य अधिकारियों की अनुशंसा पर प्रतिदिन 300 सुगम दर्शन पास और 100 विशिष्ट दर्शन पास बनाए जा सकेंगे। इसके लिए ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बीते दिनों अपनी संस्तुति भी प्रदान कर दी है।
राम मंदिर में दर्शन के लिए अब तक सेना के जवानों या अधिकारियों को स्थानीय अधिकारियों के माध्यम से ट्रस्ट से संपर्क करना पड़ता था। बाहर से आने वाले अधिकारियों को अक्सर पास के लिए समस्या का सामना करना पड़ता था। ट्रस्ट के समक्ष उनके सत्यापन की भी समस्या खड़ी होती थी।
कभी-कभार पूर्व महासचिव चंपतराय के उपलब्ध न रहने पर यात्री सेवा केंद्रों में जाकर भी डीआरसी के स्थानीय अधिकारियों या जवानों को लाैटना पड़ता था। ट्रस्ट ने पहले केवल चंपतराय को ही अधिकृत किया था। पिछले दिनों चढ़ावा चोरी मामले में उनका इस्तीफा हो गया, तो उनकी आईडी भी बंद कर दी गई। इसके बाद सैनिकों को पास के लिए परेशान होना पड़ रहा था।
इन्हीं कारणों से पिछले दिनों स्थानीय सैन्य अधिकारियों ने अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन से मिल कर इस समस्या के स्थायी समाधान का अनुराेध किया था। सूत्रों ने बताया कि बैठक में सहमति बन जाने के बाद अंतरिम महासचिव ने सैनिक सदन के नाम की नई आईडी जारी करने का आदेश दे दिया।
खबरें और भी
शनिवार से आईडी जारी भी कर दी गई है। अब सैनिकों के दर्शन पास डोगरा रेजीमेंटल सेंटर से ही बन जाएंगे। दोनों श्रेणियों में कुल 400 पास जारी हो सकेंगे। हालांकि आरती पास के लिए इसे नहीं अधिकृत किया गया है। आरती पास ट्रस्टियों की अनुशंसा पर ही बनेंगे।