Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'साहब... खेत में मेड़ नहीं बांधने दे रहे विपक्षी', समाधान दिवस में पांचवीं बार शिकायत लेकर पहुंचा व्यक्ति

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 05:51 PM (GMT+05:30)

    अयोध्या के समाधान दिवस में भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतें हावी रहीं, जहां कई लोगों ने मेड़बंदी और अवैध कब्जे जैसी समस्याओं के समाधान न होने पर निराशा ...और पढ़ें

    समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने सुनाई व्यथा।

    समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने सुनाई व्यथा।

    HighLights

    1. देशराज ने मेड़बंदी न होने की पांचवीं बार शिकायत की।

    2. परवीन बानो और रमजान ने अवैध कब्जे की शिकायतें दर्ज कराईं।

    3. समाधान दिवस में राजस्व संबंधी शिकायतें सर्वाधिक रहीं।

    जागरण टीम, अयोध्या। कोतवाली रुदौली में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम संतोष कुमार मौजूद रहे। उसी समय जहानपुर निवासी देशराज पहुंचते हैं। प्रार्थनापत्र देकर कहते हैं कि साहब विपक्षी हमारे खेत की मेड़ नहीं बांधने दे रहे हैं। आज पांचवीं बार समाधान दिवस में शिकायत कर रहा हूं।

    महीनों पहले उनके खेत की मेड़ को विपक्षियों ने तोड़ दिया था। समाधान दिवस में शिकायत पर हल्का लेखपाल ने पैमाइश भी की, कब्जा किए गए हिस्से को चिह्नित कर हटाने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है।

    देशराज ने बताया कि हर बार केवल मेड़ बंधाने का आश्वासन देकर वापस कर दिया जाता है। शिकायत पर जल्द पैमाइश कराने का आश्वासन देकर उन्हें वापस कर दिया गया।

    रुदौली नगर के मोहल्ला पूरे मियां की परवीन बानो ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि विपक्षी रमजान अली से 28 वर्ष पहले एक जमीन स्टाम्प पेपर पर लिखा कर ली थी, जिस पर मेरा कब्जा चला आ रहा, लेकिन अब रमजान अली उसे अपनी जमीन बताने लगे हैं।

    विपक्षी कर रहे अवैध कब्जा

    कुमारगंज थाना पहुंचे धमथुआ गांव निवासी रमजान ने अपना प्रार्थनापत्र शिकायत सुन रहे उपनिरीक्षक शिवकुमार भार्गव के पास रख दिया। कहने लगे कि साहब मैंने एसडीएम कोर्ट में हद बरारी का वाद दायर किया है।

    खबरें और भी

    उसके बावजूद विपक्षी मेरे खेत में मकान का निर्माण कर अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं। साहब निर्माण रुकवा दीजिए। रमजान की शिकायत सुनकर राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।

    सिधौना गांव के सीताराम का कहना था कि उन्होंने बरसों पहले पुरानी आबादी की भूमि पर शौचालय का निर्माण कराया गया था, जिसको रात में विपक्षी गणों ने ढहा दिया है। उसके स्थान पर लाकर अपना छप्पर रख दिए। मुझे न्याय मिल जाए मैं इसी आशा के साथ यहां आया हूं। सीताराम की शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें भेज दिया गया।

    वहीं गोसाईंगंज थाना में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे पौसरा निवासी राम प्रगट मिश्र ने थाना प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला से कहाकि साहब गांव के सार्वजनिक रास्ते पर एक नीम का पेड़ है, जो आवागमन में समस्या पैदा कर रहा है।

    कृपया जनहित में सार्वजनिक रास्ते से पेड़ को हटवाया जाए। बाला पैकौली निवासी अमर सिंह ने उनकी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की। गोसाईंगंज में सात प्रकरण आए।

    राजस्व संबंधी शिकायतें रहीं अधिक

    शनिवार को संपन्न हुए समाधान दिवस में राजस्व संबंधी शिकायतें अधिक रहीं। कैंट थाना में दो, रौनाही में नौ, रुदौली में 18, पटरंगा में सात, मवई में तीन, बाबाबाजार में 14, तारुन में 14 प्रकरण राजस्व विवाद से संबंधित रहे। इसी प्रकार कोतवाली अयोध्या, बीकापुर, हैदरगंज, महराजगंज, गोसाईंगंज में भी राजस्व विवाद से जुड़े प्रकरण अधिक रहे।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में CM योगी ने आयुष यूनिवर्सिटी के हॉस्टल्स का किया लोकार्पण, पढ़ाई को लेकर स्टूडेंट्स से की चर्चा