अयोध्या में बनेगा यूपी का पहला 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर', योगी सरकार ने दी मंजूरी
अयोध्या के पिरखौली में 2 करोड़ की लागत से प्रदेश का पहला 'फूल उत्कृष्टता केंद्र' स्थापित होगा, जो 3 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा। ...और पढ़ें

अयोध्या में बनेगा प्रदेश का पहला 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर'

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अयोध्या। पिरखौली ग्राम पंचायत में उद्यान विभाग की नर्सरी में तीन हेक्टेयर भूमि पर दो करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर' (फूल उत्कृष्टता केंद्र) स्थापित किया जाएगा।
यह न सिर्फ फूल उत्पादकों के लिए तकनीकी सहायता का हब बनेगा बल्कि श्री राम मंदिर को भी गुणवत्तापूर्ण फूलों की निरंतर आपूर्ति भी सुनिश्चित करेगा। उप निदेशक उद्यान अनूप कुमार चतुर्वेदी के अनुसार फूलों की आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का प्रमुख माध्यम बनेगा।
यहां किसानों को फूलों की उन्नत प्रजातियों की जानकारी, वैज्ञानिक तरीके से खेती, कीट प्रबंधन, सिंचाई प्रणाली और विपणन की ट्रेनिंग दी जाएगी। केंद्र में फूलों की कई दुर्लभ और लोकप्रिय प्रजातियां लगाई जाएंगी, जिनमें डच रोज़ और गेंदे की उच्च गुणवत्ता वाली प्रजाति शामिल होंगी।
मथुरा और वाराणसी में भी बनेंगे केंद्र
बताया कि इसी तरह मथुरा और वाराणसी में भी केंद्र स्थापित किए जाएंगे जिससे पूरे प्रदेश में फूल उत्पादन का नया नेटवर्क तैयार करने में मदद मिलेगी। केंद्र में फूलों का उत्पादन ही नहीं प्रसंस्करण के माध्यम से ड्राई फ्लावर और एक्सपोर्ट की संभावनाओं को भी खोलेगा।
राम मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए बड़ी मात्रा में फूलों की आवश्यकता होती है। केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण फूल उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। केंद्र के संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
खबरें और भी
फूल कटाई, पैकेजिंग, परिवहन और विपणन से जुड़े कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ेगी। उद्यान विभाग इसके प्रोजेक्ट को तैयार करने में लगा है। केंद्र में आधुनिक ग्रीन हाउस, ड्रिप इरिगेशन, सोलर पावर और टिश्यू कल्चर लैब जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।