चढ़ावा चोरी मामला: नई SIT ने जांच के लिए तैयार किया रोडमैप, अब नए सिरे से होगी समीक्षा
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एक नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। ...और पढ़ें

HighLights
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नई एसआईटी गठित।
आईजी लखनऊ रेंज किरण एस कर रहे अध्यक्षता।
आठ आरोपित जेल में, जांच नए सिरे से होगी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित है, जो जल्द ही जांच शुरू कर सकती है। औपचारिक जांच के पहले इससे संबंधित अधिकारियों ने वर्चुअल बैठक कर जांच का रोड मैप तय किया। बताया गया कि अब तक की हुई जांच की समीक्षा नई टीम करेगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नई एसआईटी गठित हुई है। इस मामले में अब तक हुई जांच की प्रगति जानी। सूत्रों के अनुसार, टीम ने पुलिस कार्रवाई, आरोपितों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों का प्रारंभिक ब्योरा प्राप्त कर लिया है। इसमें आठ आरोपित जेल में हैं।
नई एसआईटी की अध्यक्षता आईजी लखनऊ रेंज किरण एस कर रहे हैं। इसमें अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा व अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर शामिल है। इससे पहले एसएसपी अयोध्या और डीआईजी पुलिस जांच की निगरानी कर रहे थे, अब उन्हें एसआईटी का हिस्सा बना कर जांच की जाएगी।
बताया गया कि यह टीम नए सिरे से जांच की समीक्षा करेगी। आरोपितों से पूछताछ, बरामदगी, दस्तावेजी साक्ष्य, डिजिटल साक्ष्य का परीक्षण कराएगी। संदिग्धों की संपत्तियों और वित्तीय गतिविधियों की भी जांच होने की बात कही जा रही है।
नए सिरे से भी संबंधितों से पूछताछ हो सकती है। तीनों अधिकारी संवाद कर चुके हैं। कमेटी में एक फोरेंसिक विशेषज्ञ व चार्टेड अकाउंटेंट शीघ्र जुड़ सकते हैं, हालांकि इनके नाम अभी तय होना शेष हैं। इस संबंध में कोई भी अधिकारी अभी बोलने को तैयार नही है।