अयोध्या में कचहरी के लॉकअप से बंदी दीपक कुमार फरार, दो फरार बंदियों का अभी तक पता नहीं लगा सकी पुलिस
Ayodhya Crime: चोरी के मामले में जिला कारागार में बंद दीपक कुमार गुरुवार को कोर्ट में पेशी पर लाया गया ...और पढ़ें
HighLights
जिला कारागार में बंद दीपक कुमार गुरुवार को कोर्ट में पेशी पर लाया गया
कचहरी के लॉकअप से बंदी पुलिस को चकमा देकर हो गया फरार
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम नगरी में गुरुवार दोपहर में कचहरी में खलबली मच गई। चोरी के मामले में बंद दीपक कुमार कचहरी के लॉकअप से फरार हो गया। इससे पहले भी दो बंदी अयोध्या कचहरी के लॉकअप से फरार हुए हैं, जिनको पुलिस अभी तक खोज नहीं पाई है।
चोरी के मामले में जिला कारागार में बंद दीपक कुमार गुरुवार को कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। कोर्ट में पेश करने से पहले उसको कचहरी के लॉकअप में रखा गया था। जहां से वो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
दर्शननगर निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू को चोरी के मामले में गत दस जून को कैंट पुलिस ने जेल भेजा था। उस पर मोबाइल टावर का तार चोरी करने का आरोप है। गुरुवार को पुलिस कस्टडी में उसे पेशी के लिए कचहरी लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पेशी के बाद न्यायालय कक्ष से उसे निकाल कर पुलिस कर्मी लाकअप ले जा रहे थे। रास्ते में गार्द के कुछ पुलिस कर्मी बाथरूम चले गए, इसी बीच शेष पुलिस कर्मियों को झांसा देकर वह भाग निकला।
बंदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में फोर्स कचहरी पहुंच गई। पूरे कचहरी परिसर को अलर्ट कर दिया गया। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में पूरे कचहरी परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चला है। पुलिस की एक टीम उसके गृहक्षेत्र दर्शननगर भी रवाना की गई है। कचहरी परिसर से जुड़े रास्तों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के दर्शननगर के निवासी बंदी दीपक कुमार से पहले भी बंदियों के फरार होने का प्रकरण यहां हो चुका है। जिला कारागार से दो बंदी पहले ही फरार हो चुके हैं। दोनों अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं।
