विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या राम मंदिर: दर्शन पास की बाध्यता खत्म, फिर भी ऑनलाइन बुकिंग फुल

Updated: Wed, 19 Aug 2026 10:39 AM (IST)

श्रावण मास में अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से रामलला दर्शन के लिए ऑनलाइन पास 31 अगस्त तक पूरी तरह बुक हो गए हैं। हालांकि ट्रस्ट ने सामान्य ...और पढ़ें

राम मंदिर फाइल।

राम मंदिर फाइल।

HighLights

  1. श्रावण में अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि

  2. रामलला दर्शन के ऑनलाइन पास 31 अगस्त तक बुक

  3. सामान्य दर्शन हेतु पास की बाध्यता ट्रस्ट ने हटाई

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। श्रावण मास में रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अयोध्या आ रहे सभी भक्त रामलला के दर्शन के भी इच्छुक दिख रहे हैं। इसी वजह से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर 31 अगस्त तक के समस्त दर्शन पास की बुकिंग पहले से फुल हो गई है। ऐसा तब है, जब ट्रस्ट की ओर से किसी भी मंदिर में दर्शन के लिए पास की बाध्यता नहीं लागू की गई है।

मंदिर परिसर पहुंचने वाले सभी भक्तों को इच्छानुसार सभी मंदिरों में बिना पास के दर्शन सुलभ हो रहा है। राम परिवार में दर्शन के लिए ट्रस्ट ने स्टील की लेन भी बनवा दी है, जिससे सामान्य दर्शनार्थी व पासधारक श्रद्धालु अलग-अलग लेन से दर्शन कर रहे हैं। हालांकि आरती में शामिल होने के लिए पास की बाध्यता अभी लागू है।

ट्रस्ट की वेबसाइट से पंद्रह दिन पहले ही दर्शनार्थी बुक कर ले रहे दर्शन पास

राम मंदिर के अतिरिक्त परिसर के अन्य मंदिरों में दर्शन ट्रस्ट ने इसी वर्ष 13 अप्रैल से प्रारंभ किया था। भीड़ का आकलन करने के लिए पहले पूरक मंदिरों व सप्तर्षि मंदिरों के लिए पास की व्यवस्था लागू की गई। ट्रस्ट ने वेबसाइट पर दस अप्रैल से सामान्य दर्शन पास की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। कुछ दिनों बाद श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य होने पर ट्रस्ट ने मई माह से पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।

यही व्यवस्था वर्तमान में भी लागू है। इस कारण मंदिर पहुंचने वाले किसी श्रद्धालु को दर्शन से रोका नहीं जा रहा है। इसके बावजूद दर्शनार्थी पास के माध्यम से अलग लेन से जाकर दर्शन करना चाहते हैं।

एक सितंबर तक के सामान्य व सुगम दर्शन पास और आरती पास भी अनुपलब्ध

इन दिनों सावन चल रहा है, तो अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। कुछ दिनों पहले तक जो सामान्य पास खाली रहते थे, अब उनकी भी बुकिंग एक सितंबर तक के लिए फुल हो चुकी है। यही हाल सुगम दर्शन पास का भी है। 31 अगस्त तक के सारे पास बुक हो चुके हैं। 15 दिनों की अग्रिम बुकिंग की सुविधा होने से श्रद्धालु अयोध्या आने के पहले ही ऑनलाइन पास बुक कर ले रहे हैं। ऑनलाइन आरती पास भी एक सितंबर तक के बुक हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्टियों की सहमति से SIT की फाइनल रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई, दो सितंबर को होगा फैसला

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी की SIT रिपोर्ट में चंपत राय का नाम नहीं, अनिल मिश्रा की भूमिका पर संशय बरकरार

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने कहाकि रामजन्मभूमि परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को इच्छानुसार दर्शन कराया जा रहा है। राम परिवार में भी पास की बाध्यता समाप्त कर दी गई है।