पति की आखिरी निशानी और 20 लाख की हीरा जड़ित चेन खोई, राम मंदिर के सेवादार ने लौटाई
अयोध्या के राम मंदिर में मुजफ्फरनगर की निर्मला देवी की 20 लाख रुपये की हीरा जड़ित सोने की चेन खो गई थी। मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने ईमानदारी दि ...और पढ़ें
-1786314443209_m.webp)
राम मंदिर परिसर में खोई सोने की चेन वापस मिलने पर दिखातीं श्रद्धालु निर्मला देवी।
HighLights
अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालु की महंगी चेन खोई।
सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने ईमानदारी से चेन वापस की।
20 लाख की हीरा जड़ित चेन पाकर महिला खुश।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की चर्चाओं के बीच सुखद खबर भी आई है। दर्शन के लिए आईं मुजफ्फरनगर की निर्मला देवी की बेशकीमती चेन खो गई, जिससे वह सदमे में आ गईं। यह हीराजड़ित सोने की चेन करीब 20 लाख रुपये की थी और उनके स्वर्गीय पति की दी हुई निशानी।
चेन खोने के बाद वह मायूस थीं, लेकिन राम मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने उन्हें ऐसा भरोसा दिया, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगी। शनिवार को ध्रुवेश मिश्रा को अमावा मंदिर के समीप हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर सोने की चेन पड़ी मिली।
उन्होंने चेन को सुरक्षित रखकर पीएफसी कार्यालय पहुंचकर उद्घोषणा कराई, ताकि वास्तविक मालिक तक पहुंचा जा सके। उद्घोषणा सुनकर मुजफ्फरनगर के गंगारामपुरा निवासी निर्मला देवी, पत्नी मोहन कुमार, वहां पहुंचीं।
पुलिसकर्मियों के माध्यम से आवश्यक पूछताछ और संतोष के बाद चेन उन्हें सौंप दी गई। चेन हाथ में आते ही निर्मला देवी के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।
उन्होंने बताया कि यह चेन उनके पति ने उन्हें निशानी के तौर पर दी थी, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। यह घटना न केवल श्रद्धालुओं के लिए एक प्रेरणा है, बल्कि मानवता की मिसाल भी प्रस्तुत करती है।