आजमगढ़ में पोखरे में डूब रहे दोस्त को बचाने के लिए कूदा छात्र, दोनों की मौत
आजमगढ़ के कलीचाबाद गांव में दो किशोरों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। एक किशोर को बचाने के प्रयास में दूसरे की भी जान चली गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
आजमगढ़ के कलीचाबाद गांव में दो किशोरों की पोखरे में डूबकर मौत।
एक किशोर को बचाने के प्रयास में दूसरा भी गहरे पानी में डूबा।
ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, अस्पताल में मृत घोषित किया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में दो किशोरों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। नहाने के दौरान पहले एक किशोर गहरे पानी में डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए उसका साथी भी पोखरे में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला और तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
आशुतोष मौर्य का 15 वर्षीय पुत्र अंशु मौर्य रविवार दोपहर करीब एक बजे गांव के पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अंशु को बचाने के लिए किनारे खड़ा गांव का ही 14 वर्षीय अल्तमत बिना देर किए पोखरे में कूद पड़ा। हालांकि पोखरा अधिक गहरा होने के कारण वह भी गहरे पानी में डूबने लगा, देखते ही देखते दोनों डूब गए।
दोनों किशोरों को पानी में संघर्ष करते देख गांव के 35 वर्षीय अजय सरोज भी उन्हें बचाने के लिए पोखरे में उतर गए, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। बाद में आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह , नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय लेखपाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच विधिक कार्रवाई की। मृतक अल्तमत के पिता फखरे आलम निहोरगंज स्थित एक विद्यालय में शिक्षक हैं। बेटे की मौत के बाद मां फरजाना बानो का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
अल्तमत अपने पीछे बड़ा भाई फैसल, बहन साजिया और छोटे भाई अर्शलान को छोड़ गया है। वहीं, अंशु मौर्य के पिता आशुतोष मौर्य मुंबई में कार्य करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मां आरती बेसुध हो गईं। अंशु के परिवार में बड़ी बहन प्रियंका और छोटा भाई आदित्य हैं, जिनका भी रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों नौवीं कक्षा के छात्र थे।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में सरकारी योग शिक्षकों को मिल गई फर्जी तैनाती, सैलरी मांगने पर खुला घोटाला, गिरोह का सरगना गिरफ्तार