Badaun News: बस अड्डे के सामने भिड़े दो सांड, कपड़े की दुकान तहस-नहस; 30 मिनट तक ठप रहा भामाशाह चौक मार्ग
बदायूं में प्राइवेट बस अड्डे के सामने दो सांड़ों की लड़ाई से आधे घंटे तक भामाशाह चौक मार्ग जाम रहा और एक कपड़े की दुकान तहस-नहस हो गई। इस घटना ने शहर ...और पढ़ें

बाजार में लड़ते दो सांड़
HighLights
बुधवार सुबह करीब 11 बजे का मामला, दोनों सांड़ों से बचकर निकलते दिखाई दिए वाहन सवार
जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर के प्राइवेट बस अड्डे के सामने बुधवार सुबह सांड़ों की लड़ाई ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। करीब आधे घंटे तक बस अड्डे से भामाशाह चौक जाने वाला मार्ग जाम रहा और एक कपड़े की दुकान भी तहस-नहस हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है।
बस अड्डे के सामने दो सांड़ अचानक आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर सींगों से हमला करना शुरू कर दिया। लड़ाई इतनी तेज थी कि बस अड्डे से भामाशाह चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ लग गई। पैदल यात्री और वाहन चालक दोनों सांड़ों से बचकर निकलते नजर आए।
लड़ते-लड़ते दोनों सांड़ सड़क किनारे फुटपाथ पर लगी एक कपड़े की दुकान में घुस गए। दुकानदार उस समय त्रिपाल लगा रहा था। सांड़ों ने दुकान के अंदर रखे सारे कपड़े तहस-नहस कर दिए। धक्का-मुक्की में तमाम कपड़े नाले में भी गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक सांड़ ने दूसरे को दुकान के पीछे बने नाले में धकेल दिया।
इसके बाद दुकानदार डंडा लेकर पहुंचे और किसी तरह दोनों सांड़ों को वहां से भगाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सांड़ों की लड़ाई के कारण करीब आधे घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन ठप रहा। बस अड्डे से निकलने वाली कुछ बसें भी सड़क पर खड़ी रहीं।
खबरें और भी
तमाशबीनों की भीड़ लगने से जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है। बस अड्डे और मुख्य बाजारों में सांड़ और गायों का झुंड दिनभर घूमते रहते हैं। कई बार हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।