Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा 2026: बदायूं में 6 जोन और 32 सेक्टरों में सुरक्षा चक्र तैयार; कछला घाट से बरेली बॉर्डर तक 300 CCTV से होगी निगरानी

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 06:38 PM (IST)

    बदायूं में कांवड़ यात्रा 2026 के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना बनाई है, जिसमें जिले को 6 जोन और 32 सेक्टर में बांटा गया है। कछला घाट से बरे ...और पढ़ें

    शहर के कावड़ मार्ग पर पालीथिन से ढके गए खंभे। जागरण

    शहर के कावड़ मार्ग पर पालीथिन से ढके गए खंभे। जागरण

    HighLights

    1. 40 गोताखोर, गंगा घाटों पर 16 नाव, वाच टावर और बैरिकेडिंग, डीजे संचालन के लिए भी जारी निर्देश

    जागरण संवाददाता, बदायूं। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। पूरे जिले को छह जोन और 32 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा, जहां 42 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

    प्रशासन की तैयारी के अनुसार गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, कंट्रोल रूम और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कछला गंगा घाट पर लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि बरेली बार्डर से कछला तक पूरे यात्रा मार्ग पर करीब 300 सीसीटीवी कैमरों से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

    गंगा घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग, वाच टावर, पुलिस पिकेट, 16 नाव और 40 प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत व बचाव कार्य किया जा सके। जिन तिराहों, चौराहों, पुलों और मार्गों पर कट बने हुए हैं, वहां हाईमास्ट लाइटें लगाने को कहा गया है।

    बिजली विभाग को सभी बिजली के पोल और झूलते तारों की जांच कर उन्हें सुरक्षित कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि करंट जैसी दुर्घटनाओं की आशंका न रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी को पर्याप्त एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

    खबरें और भी

    स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए 120 सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। नगर पालिका और नगर पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि हाईवे और कांवड़ यात्रा मार्ग पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़कर हटाया जाए। डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट निर्धारित की गई है।

    ध्वनि स्तर 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगा। डीजे पर केवल धार्मिक और देशभक्ति के गीत ही बजाए जा सकेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। तैयारियों को 25 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खंभों को पालीथिन लगाकर ढका जा रहा है।

    इनकी होगी जिम्मेदारी

    • कांवड़ यात्रा के लिए एडीएम प्रशासन को बनाया गया नोडल अधिकारी
    • कांवड़ यात्रा के लिए एसपी सिटी को पुलिस की ओर को बनाया नोडल
    • कछला में मेला अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे एसडीएम सदर
    • कछला में पुलिस की ओर से मेला अधिकारी होंगे सीओ उझानी

    यह भी पढ़ें- बदायूं के इन युवाओं ने मोबाइल को बनाया कमाई का जरिया, रील्स और ब्लॉगिंग से हर महीने कमा रहे लाखों!