Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ियों के लिए बदला ट्रैफिक सिस्टम: शुक्रवार से सोमवार तक भारी वाहन बैन, जानें दिल्ली-बरेली और आगरा का नया रास्ता

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 10:19 PM (IST)

    बदायूं में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे और हल्के वाहनों के ल ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    HighLights

    1. बरेली, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद व दिल्ली रूट की रोडवेज बसों और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित

    जागरण संवाददाता, बदायूं। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह में कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी तथा बदायूं के कछला गंगा घाट पर उमड़ने वाली कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना जारी कर दी है। यह व्यवस्था प्रथम सोमवार यानि तीन अगस्त, द्वितीय सोमवार दस अगस्त, महाशिवरात्रि 11 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त तथा चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को प्रभावी रहेगी।

    प्रत्येक शुक्रवार शाम आठ बजे से सोमवार शाम आठ बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि महाशिवरात्रि पर 11 अगस्त की शाम आठ बजे तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।

    यातयात पुलिस के अनुसार, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, आगरा, अलीगढ़ और कासगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर और कछला मार्ग से हटाकर गंगा एक्सप्रेस-वे, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा तथा अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

    फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर से आगरा-अलीगढ़ की ओर जाने वाले ट्रक, ट्राला, डीसीएम और अन्य भारी वाहन उसावां, म्याऊ, डहरपुर, दातागंज होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे से वनकोटा टोल प्लाजा, बिल्सी, मुजरिया, सहसवान, गुन्नौर और नरौरा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

    इसी तरह बरेली से कासगंज, आगरा और अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान और गुन्नौर के रास्ते भेजा जाएगा।

    वहीं मुरादाबाद और संभल से कासगंज व आगरा जाने वाले भारी वाहन चंदौसी, बहजोई, बबराला, गुन्नौर और नरौरा होकर गुजरेंगे। कासगंज और आगरा से शाहजहांपुर तथा फर्रुखाबाद की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

    रोडवेज बसों और हल्के वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बदायूं से बरेली जाने वाली बसें और अन्य हल्के वाहन नवादा चौकी, कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी और रामगंगा मार्ग से संचालित होंगे।

    मुरादाबाद, नोएडा और दिल्ली जाने वाले वाहन बिसौली, सहसवान, गुन्नौर और नरौरा होकर जाएंगे। वहीं फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहनों को दातागंज, बेलाडांडी, जैतीपुर, मदनापुर और जलालाबाद मार्ग से भेजा जाएगा।

    एटा, अलीगढ़, आगरा और मथुरा जाने वाले हल्के वाहन जालंधरी सराय, शेखूपुर, कादरचौक और कादराबाद मार्ग से गुजरेंगे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बदायूं नगर से कछला गंगा घाट तक कांवड़ मार्ग पर कांवड़ वाहनों के अतिरिक्त अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

    डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सहसवान, मुजरिया, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कालेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक, बीआरबी तिराहा, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, कैशव चौकी, डहरपुर, म्याऊं तिराहा और जालंधरी सराय चौराहे सहित 17 प्रमुख स्थानों पर थाना पुलिस और यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेस-वे पर टला बड़ा हादसा! बदायूं में बारिश से धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल