'पति को बुलाओ नहीं तो गोली मार लूंगा'; बदायूं में SHO पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष की पत्नी को धमकी देने का आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र मलिक और एसएसपी अंकिता शर्मा के खिलाफ डीजीपी को शिकायत भेजी है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
एसएचओ ने उनकी पत्नी को रिवॉल्वर दिखाकर धमकी दी।
अजीत यादव दिल्ली में छात्र आंदोलन में शामिल थे।
जागरण संवाददाता, बदायूं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र मलिक और एसएसपी अंकिता शर्मा के खिलाफ डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह को मेल से शिकायत भेजी है।
अजीत यादव का आरोप है कि जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होने के कारण एसएचओ ने उनकी गैर-मौजूदगी में नेकपुर स्थित आवास पहुंचकर पत्नी प्रियंका यादव को सर्विस रिवॉल्वर दिखाकर आत्महत्या और फर्जी मुकदमों की धमकी दी। उन्होंने इस कृत्य को महिला अधिकारों, निजता और नागरिक अधिकारों का घोर उल्लंघन बताया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने शिकायत में बताया कि गुरुवार 23 जुलाई की सुबह एसएचओ हरेंद्र मलिक बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के अजीत यादव के घर पहुंचे। वहां उन्होंने अकेला पाकर प्रियंका यादव पर दबाव बनाया और अपनी कनपटी पर पिस्टल रखकर कहा कि यदि अजीत यादव दिल्ली से तुरंत वापस नहीं लौटे, तो वे वहीं आत्महत्या कर लेंगे।
एसएचओ ने एसएसपी अंकिता शर्मा से भी फोन पर बात कराई, जिन्होंने कथित तौर पर प्रियंका यादव को धमकाया। अजीत यादव ने बताया कि वे 22 जुलाई की रात ही दिल्ली में छात्रों के समर्थन में पहुंच गए थे। एसएचओ ने उनसे फेसबुक से वीडियो डिलीट करने और राजनीति खत्म करने की धमकी दी।
इस पूरी घटना से उनकी पत्नी मानसिक आघात में हैं और वे इस मामले को लेकर जल्द ही महिला आयोग में याचिका दायर करेंगी। अजीत यादव ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन से बौखला गई है।
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेस-वे पर टला बड़ा हादसा! बदायूं में बारिश से धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
वे पुलिस की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और छात्रों की जायज मांगों के लिए अंतिम सांस तक आंदोलन का समर्थन करेंगे। उनकी प्रमुख मांगें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस दमन के दोषियों पर सख्त कार्रवाई है।
खबरें और भी
मेरी पत्नी प्रियंका यादव घर पर अकेली थी तब एसएचओ सिविल लाइंस हरेन्द्र मालिक मेरे घर पहुंचे उन्होंने मेरी पत्नी पर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास किया। अपनी सर्विस रिवॉल्वर कनपटी पर रखकर कहा कि अजीत यादव को जल्द वापस बुलाओ। इसके अलावा पत्नी को एसएसपी द्वारा भी धमकाया गया। मैं वापस आकर एसएचओ के खिलाफ कोर्ट से मुकदमा करूंगा।
अजीत यादव, जिलाध्यक्ष कांग्रेस