बदायूं में वन्यजीव तस्कर का भंडाफोड़: घर से 10 जिंदा लंगूर और कार बरामद, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
बदायूं में पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10 लंगूर और एक अल्टो कार बरामद हुई है, जिस पर वन ...और पढ़ें

जाल में बंद लंगूर। स्रोत पुलिस
HighLights
वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी, बेचने ले जा रहे थे लंगूर, पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े
जागरण संवाददाता, बदायूं। वन्य जीवों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कादरचौक पुलिस और वन विभाग की टीम ने 10 लंगूर और एक अल्टो कार बरामद करते एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह लंगूर कहां से लाता था और कहां-कहां सप्लाई करता था।
सामाजिक वानिकी विभाग के बीट प्रभारी भुवनचंद्र बेलवाल द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार कादरचौक निवासी फईम पुत्र ताहिर अपने घर में 10 वन्य जीव लंगूर की तस्करी कर रहा था। उसके घर से एक कार भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि वह इसी कार से लंगूरों को क्षेत्र में ले जाता था और तस्करी करता था।
किसी तरह वन विभाग के अधिकारियों और थाना पुलिस को इसकी भनक लग गई। उसके आधार पर गुरुवार दोपहर एसआई राकेश कुमार वर्मा और वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर दबिश दी। इस दौरान आरोपित फईम पकड़ा गया और उसके घर से 10 जिंदा लंगूर बरामद हुए। उसकी अल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
बताया जा रहा है कि 10 में से दो लंगूर कार से बरामद हुए हैं। उसने भी स्वीकार किया है कि वह लंगूरों को बेचने के लिए लाया था। इससे उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम और जैविक विविधता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोपहर बाद गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
खबरें और भी
इस कार्रवाई के दौरान एसआई राकेश कुमार वर्मा के साथ सिपाही शिवम कुमार, अंकित कुमार, आदित्य गंगवार और भुवनचंद्र बेलवाल भी शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि वन्य जीवों के अवैध व्यापार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस और वन विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कादरचौक में एक घर से 10 लंगूर बरामद हुए हैं। वहां से आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है और उसके घर से कार भी बरामद हुई है। वह लंगूरों को बेचने के लिए लाता था। इसमें आरोपित से पूछताछ भी की जाएगी कि वह अकेले कर रहा था या फिर इसमें और कोई भी शामिल रहा था। लंगूर कहां से लाता था। यह सब जांच की जाएगी।
- विनीता सिंह, डीएफओ
यह भी पढ़ें- बदायूं एचपीसीएल मर्डर केस का ट्रायल शुरू: वादी के बयान दर्ज, अदालत में हुआ कुछ ऐसा कि टिकीं सबकी निगाहें