बच्चों के खाने में घोला जा रहा था जहर: 7 क्विंटल एक्सपायरी चॉकलेट और बिस्किट बरामद, एसडीएम की छापेमारी से हड़कंप
बिल्सी में एसडीएम और सहायक खाद्य आयुक्त की टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर बच्चों को लक्षित करने वाली लगभग सात क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की। ...और पढ़ें

बिल्सी क्षेत्र के गोदाम में भरा एक्सपायरी डेट सामान। जागरण
HighLights
गुरुवार रात एसडीएम और सहायक खाद्य आयुक्त ने छापा मारकर सील करा दिया था गोदाम
संवाद सहयोगी, बिल्सी (बदायूं)। त्योहार और स्कूल खुलने से पहले बच्चों तक जहर पहुंचाने की साजिश नाकाम हो गई। एसडीएम राजेश कुमार सिंह और सहायक खाद्य आयुक्त सीएल यादव की टीम ने शुक्रवार को गोदाम से करीब सात क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की। इसमें चाकलेट, बिस्किट, कार्न फ्लेक्स, फ्रूट ड्रिंक जैसी चीजें थीं, जो सीधे बच्चों को टारगेट करती हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 15 दिन से इस गोदाम में रात के अंधेरे में एक्सपायरी माल की खेप पहुंच रही थी और यहां पुराने पैकेटों की डेट मिटाकर नए स्टिकर लगाए जा रहे थे। इसकी सूचना पर गुरुवार रात एसडीएम राजेश कुमार सिंह और सहायक खाद्य आयुक्त सीएल यादव की टीम ने छापा मारा था लेकिन रात ज्यादा होने पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
अधिकारी गोदाम को सील करके चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे टीम ने ताला खुलवाकर जांच की। यह कार्रवाई करीब पांच घंटे चली। यहां से टीम ने चाकलेट, कार्न फ्लेक्स, नमकीन, बिस्किट, चावल और फ्रूट ड्रिंक के छह नमूने सील कर लैब भेजे हैं।
गोदाम संचालक इसलेआर पुत्र चुन्नू खान निवासी ग्राम केसरपुर कोतवाली आंवला बरेली मौके से फरार मिला। सहायक खाद्य आयुक्त सीएल यादव ने बताया कि उसके पास खाद्य भंडारण का कोई लाइसेंस या पंजीकरण नहीं था। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी करण सिंह, आरएन मिश्रा और भागवत सिंह भी मौजूद रहे।
खबरें और भी
गोदाम की रातभर कराई रखवाली
नगर के जिस गोदाम में यह एक्सपायरी डेट सामान भरा हुआ था। उसका एक दरवाजा सामने और एक दरवाजा पीछे की ओर बना हुआ है। यहां छापा मारने के बाद एसडीएम ने सामने वाले दरवाजे को सील करा दिया था लेकिन यह डर भी था कि कहीं पीछे से दरवाजा तोड़कर सामान गायब न करा दिया जाए।
इससे एसडीएम के आदेश पर यहां दो पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया। रातभर इसकी जमकर निगरानी हुई, जिसकी वजह से कोई नजदीक तक नहीं भटक सका और फिर यह कार्रवाई हो सकी।
डाॅक्टर बोले- सीधे अंगों पर करता असर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सपायरी चाकलेट और बिस्किट में फफूंदी और एफ्लाटाक्सिन बन जाता है। यह लीवर, किडनी और बच्चों की ग्रोथ पर सीधा असर डालता है। फ्रूट ड्रिंक में बैक्टीरिया से फूड प्वाइजनिंग और डायरिया हो सकता है। आरसीएच नोडल डाॅ. राजवीर गंगवार ने कहा एक्सपायरी सामान बच्चों के लिए सबसे खतरनाक है। इससे इम्यूनिटी कमजोर होती है और अस्पताल के चक्कर लगते हैं।
कार्रवाई के बाद गोदाम को सील करा दिया गया है। यहां से करीब सात क्विंटल एक्सपायरी डेट सामान बरामद हुआ है और छह सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद गोदाम मालिक पर और कार्रवाई की जाएगी। उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा सकती है।
- सीएल यादव, सहायक खाद्य आयुक्त
यह भी पढ़ें- UP Roadways: शुक्रवार रात से बदल जाएगा बरेली का रोडवेज बस रूट, जानें दिल्ली-लखनऊ और बदायूं जाने का नया रास्ता