Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्‍कूल जा रही छात्रा को सड़क से खींच कमरे में ले गया मनचला; राहगीरों ने बचाई जान, बाइक छोड़कर भागा आरोपी

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:33 PM (IST)

    बिसौली में स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा को मनचले ने जबरन रोका और कमरे में खींचने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों की मदद से वह बच गई। आरोपी अपनी बाइक छोड ...और पढ़ें

    घटनास्थल पर खडी आरोपित की बाइक। जागरण

    घटनास्थल पर खडी आरोपित की बाइक। जागरण

    HighLights

    1. चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोगों को देखकर बाइक छोड़कर भागा आरोपित, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

    संवाद सहयोगी, बिसौली (बदायूं)। नगर में बुधवार सुबह स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सरेराह एक मनचले द्वारा छात्रा को साइकिल से रोककर बदनीयत से पकड़ लिया और सड़क किनारे बने कमरे में खींच ले गया। छात्रा की चीख सुनकर राहगीर दौड़ पड़े, जिससे आरोपित अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

    घटना सुबह करीब आठ बजे की है। एक गांव की छात्रा साइकिल से बिसौली स्थित स्कूल पढ़ने आ रही थी। वह आंवला रोड पर नकटा बाग के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आए बाइक सवार युवक ने उसकी साइकिल रोक ली और मोबाइल नंबर मांगने लगा। छात्रा के मना करने पर उसने जबरन उसे पकड़ लिया और सड़क किनारे बने एक कमरे की ओर खींच ले गया।

    छात्रा लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आते देख आरोपित घबरा गया और अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग निकला। इसके बाद लोगों ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी।

    पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा से पूरी घटना की जानकारी ली। सूचना मिलने पर छात्रा के स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मां ने बेटी को सीने से लगाकर ढांढस बंधाया और बाद में कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा के साथ दूसरी छात्रा भी साइकिल से आ रही थी, लेकिन वह कुछ आगे निकल गई थी। अकेला पाकर आरोपित ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राहगीर समय पर नहीं पहुंचते तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

    बताया जा रहा है कि आरोपित आसपास के किसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी बाइक के हैंडल पर दवा से भरी थैली भी लटकी मिली है।

    माना जा रहा है कि वह बिसौली से दवा लेकर आंवला की ओर जा रहा था और छात्रा को अकेला देखकर उसने वारदात की कोशिश की।उधर, कोतवाल कमलेश मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- बदायूं एचपीसीएल मर्डर केस का ट्रायल शुरू: वादी के बयान दर्ज, अदालत में हुआ कुछ ऐसा कि टिकीं सबकी निगाहें