2 दिन पहले शिकायत, फिर भी लापरवाही... इंटर कॉलेज में सीनियर्स ने जूनियर छात्रों पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला
बदायूं के एक इंटर कॉलेज में सीनियर छात्रों ने तीन जूनियर छात्रों पर चाकू और डंडों से हमला कर घायल कर दिया। दो दिन पहले शिकायत के बावजूद स्कूल प्रशासन ...और पढ़ें

अस्पताल में इलाज कराते पीड़ित छात्र
HighLights
पिछले कई दिन से चाकू लेकर आ रहे थे 10 वीं के आरोपित छात्र, तीनों घायल छात्र जिला अस्पताल में भर्ती
संवाद सूत्र, सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थित द्रोपदी देवी सरस्वती देवी विद्या मंदिर इंटर कालेज में शुक्रवार दोपहर गालीगलाैज का विरोध करना तीन छात्रों को भारी पड़ गया। कक्षा 11 के दो सीनियर छात्रों ने चाकू और डंडों से हमला कर कक्षा 9 व 10 के तीन छात्रों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने उन्हें घटनास्थल से ही दबोच लिया। उनके पास से चाकू भी बरामद हुआ है।
घटना भोजन अवकाश के समय कालेज परिसर में हुई। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरायमखेड़ा निवासी कक्षा 10 का छात्र आर्यन पुत्र गिरीश पाल, उसका छोटा भाई कक्षा 9 का छात्र सूर्या और मुहल्ला लोची नगला निवासी कक्षा 10 का छात्र भविष्य माथुर शुक्रवार दोपहर कालेज परिसर में ही खेल रहे थे। उस दौरान अधिकतर अध्यापक खाना रहे थे।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान मामूली बात से नाराज 11 वीं के दो छात्रों ने उनपर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और डंडे बरसाना शुरू कर दिए। यह देखकर बीच बचाव करने आए कक्षा 8 के छात्र समर्थ को भी डंडा लग गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर शिक्षक दौड़ पड़े और उन्होंने हमलावर छात्रों से तीनों को बमुश्किल से बचाया।
उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। सबकी हालत खतरे से बाहर है। छात्र आर्यन को पेट, सूर्या को हाथ और भविष्य को पीठ पर चाकू लगा है। दोनों आरोपित छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसकी सूचना पर एसएसपी अंकिता शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने घायलों का हालचाल लेकर पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
खबरें और भी
कई दिन से ला रहा था चाकू
इंटर कालेज के कुछ छात्रों का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से चाकू लेकर कालेज आ रहा था। उसकी लंबाई ज्यादा नहीं है। देखने से लग रहा है कि घर में सब्जी काटने वाला है। वह पिछले कई दिन से चाकू को अपने बस्ता में रखकर ला रहा था लेकिन अभी तक किसी अध्यापक ने उनकी तलाशी नहीं ली।
दो दिन पहले की थी शिकायत, अध्यापकों ने डांट कर भगा दिया
द्रोपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में शुक्रवार को हुई चाकूबाजी के पीछे स्कूल प्रशासन की घोर लापरवाही सामने आई है। हमले में घायल हुए कक्षा 10 के छात्र आर्यन ने दो दिन पहले ही अध्यापकों से सीनियर छात्रों की गुंडागर्दी की शिकायत की थी लेकिन अध्यापकों ने उसे डांट कर भगा दिया था।
छात्र के स्वजन का आरोप है कि आर्यन ने दो दिन पहले ही टीचरों को बताया था कि 11वीं के लड़के गाली देते हैं और धमकाते हैं लेकिन टीचरों ने कहा जाओ पढ़ो, फालतू बात मत करो और भगा दिया। अगर उस दिन कार्रवाई हो जाती या फिर उनका बस्ता ही चेक कर लिया जाता तो आज ये नौबत नहीं आती।
यह मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के द्रोपदी देवी सरस्वती देवी इंटर कालेज का है। यहां कालेज के छात्रों ने ही तीन छात्रों को चाकू मारकर घायल कर दिया है। तीनों छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। आरोपित छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और इस मामले की जांच भी कराई जा रही है। इसमें जल्द ही कार्रवाई होगी।
- अंकिता शर्मा, एसएसपी
यह बात भोजन अवकाश के समय की है। सब बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे। उस दौरान अध्यापक खाना खा रहे थे। तभी हमने छात्रों के चीख-पुकार की आवाज सुनी तो देखा कि एक छात्र पर चाकू था। वह इन छात्रों को चाकू मार रहा था। दो आरोपित छात्रों को पकड़ लिया गया है। वह कक्षा 11 के छात्र हैं और चाकू लगने से तीन छात्र घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसमें पुलिस कार्रवाई कर रही है।
- कुशलपाल सिंह, प्रधानाचार्य द्रोपदी देवी सरस्वती देवी विद्या मंदिर इंटर कालेज
यह भी पढ़ें- बदायूं सपा में बगावत! 5 लाख मुस्लिम आबादी, पर 1 भी पद नहीं... सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की PDA रणनीति पर उठे सवाल