'2027 में सपा आई तो...': अखिलेश यादव का मास्टर प्लान, एक्सप्रेसवे किनारे बनेंगे उद्योग, मंडी और डेयरी हब
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए 2027 में सपा की सरकार बनने पर एक्सप्रेसवे किनारे उद्योग, कृषि मंडियां और डेयरी संयंत्र स्थापित करने का वा ...और पढ़ें

दहगवां के राव फार्म हाउस में मीडिया से बात करते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव। जागरण
HighLights
अखिलेश बोले- पीडीए के साथ जनता, लोकसभा नतीजों के हिसाब से प्रदेश में 250 से अधिक सीटें जीत चुकी है सपा
संवाद सूत्र, दहगवां (बदायूं)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को सहसवान विधायक बृजेश यादव के पिता एवं पूर्व मंत्री ओमकार सिंह के निधन के बाद उनकी तेहरवीं संस्कार में शामिल होने दहगवां के राव फार्म हाउस पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि प्रदेश में पीडीए के साथ बड़ी संख्या में जनता जुड़ रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणामों के आधार पर देखा जाए तो समाजवादी पार्टी 250 से अधिक विधानसभा सीटों पर बढ़त हासिल कर चुकी है और यही जनसमर्थन 2027 में सरकार बनाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर एक्सप्रेसवे किनारे उद्योग, कृषि मंडियां और बड़े डेयरी संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को बाजार और युवाओं को रोजगार मिल सके। बदायूं और संभल के लोगों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सपा सरकार बनने पर कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी, डायल-100 सेवा को बेहतर बनाया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाएगा।
मेडिकल कालेज और स्वास्थ्य विभाग की बदहाल स्थिति के लिए उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश ने कहा कि वह 2027 के लिए प्रत्याशियों के नाम मन में तय कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास के बजाय हिंदू-मुस्लिम और नफरत की राजनीति के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है।
अखिलेश यादव ने सबसे पहले पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने ससहवान विधायक बृजेश यादव से मुलाकात कर उनको ढांढस बंधाया।
बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार उपचुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने वहां बेईमानी की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि बिहार में असली मुकाबला जनसुराज और तेजस्वी यादव की पार्टी के बीच है।
खबरें और भी
उन्होंने प्रदेश के एक्सप्रेसवे निर्माण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के बनाए एक्सप्रेसवे से सीख लेनी चाहिए थी, लेकिन जल्दबाजी में बने नए एक्सप्रेसवे जगह-जगह धंस रहे हैं। कानपुर की सड़क धंसने और गंगा एक्सप्रेसवे पर जानवरों के पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
सपा अध्यक्ष ने पेट्रोल में एथेनाल मिश्रण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि एथेनाल के लाभ हैं तो कंपनियां स्वयं उसका प्रचार करें, लेकिन सरकार दबाव बनाकर अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है।
उनका आरोप था कि भाजपा केवल अपने लोगों की जेब भरने और उन्हें मुनाफा पहुंचाने में लगी है। इस दौरान बदायूं सांसद आदित्य यादव, एटा सांसद राजवीर शाक्य, संभल विधायक महमूद अली, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, शेखूपुर विधायक हिमांशू यादव मौजूद रहे।