Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बागपत में बेटी को जन्म देने के बाद अविवाहित युवती की मौत, शादी का झांसा देकर एक युवक ने बनाए थे संबंध

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 11:57 PM (IST)

    बागपत में एक अविवाहित युवती की बच्ची को जन्म देने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से जिला महिला अस्पताल में मौत हो गई। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. अविवाहित युवती की बच्ची को जन्म देने के बाद मौत।

    2. अत्यधिक रक्तस्राव से जिला महिला अस्पताल में हुई मृत्यु।

    3. शादी का झांसा देकर युवक पर संबंध बनाने का आरोप।

    जागरण संवाददाता, बागपत। बिटिया को जन्म देने के बाद अविवाहित युवती की ज्यादा रक्तस्राव होने से जिला महिला अस्पताल में मौत हो गई। प्रसव पीड़ा को स्वजन गुर्दे की पथरी का दर्द समझ रहे थे। मौत होने से पहले प्रसूता ने अपनी भाभी के सामने पोल खोली थी कि शादी का झांसा देकर एक युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाए थे। वहीं पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लिया। पीड़ित स्वजन ने घटना की पुलिस से शिकायत की है। इसमें डीएनए टेस्ट होगा।

    बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के अनुसूचित जाति के युवक ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय बहन कक्षा 12वीं करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। बहन के पेट में रविवार सुबह करीब चार बजे दर्द हुआ था। एक झोलाछाप के पास लेकर गए, जिसने पथरी का दर्द मानते हुए इंजेक्शन लगा दिया था। इस तरह पहले भी दर्द हो जाता था।

    सुबह करीब 4.30 बजे घर के दरवाजे पर पहुंचते ही बहन ने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन उस समय बहन ने कुछ नहीं बताया। थोड़ी देर बाद बहन लघुशंका के लिए गई तो चक्कर आने पर जमीन पर गिर गई जिसे बहुत ज्यादा रक्तस्राव हो गया। इसके बाद बहन ने अपनी भाभी (मेरी पत्नी) को जानकारी दी कि दोघट थाने क्षेत्र के गांव में बहन की ससुराल के पड़ोस के एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग चल गया था।

    वह उससे बातचीत करने लगी थी। जनवरी माह में जब दूसरी बहन की शादी की तैयारी चल रही थी तब कपड़े लेने बागपत गई थी। उस समय आरोपित युवक उसे अपनी बुआ के घर लेकर गया था, जहां पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। शादी करने का वायदा किया था, लेकिन वायदा पूरा नहीं किया।

    खबरें और भी

    वहीं बहन की हालत बिगड़ती देख करीब 8.40 बजे जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान करीब 10 बजे बहन की मृत्यु हो गई। पुलिस ने जांच कर महिला के शव को कब्जे में लिया। शाम के समय चिकित्सक के पैनल ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया। उधर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

    नवजात बच्ची को गेट के बाहर कोई छोड़कर चला गया

    युवती के स्वजन ने सुबह करीब पांच बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर काल करके सूचना दी थी कि घर के बाहर कोई नवजात बच्ची को छोड़कर चला गया है। इसके बाद पुलिस ने जांच की थी। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    पैरा मेडिकल स्टाफ ने किया बहन का उपचार

    युवती के भाई का आरोप है कि जिला महिला अस्पताल में कोई महिला चिकित्सक नहीं थे। पैरा मेडिकल स्टाफ ने ही बहन का उपचार किया गया है। बता दें कि इस तरह के अस्पताल पर पहले भी आरोप लग चुके हैं।

    उधर सीएमएस डॉ. अनुराग वार्ष्णेय का कहना है कि महिला रोग विशेषज्ञ ने इलाज किया है। घर पर प्रसव होने के करीब चार बाद अस्पताल लाया गया। ज्यादा रक्तस्राव की वजह से प्रसूता की मृत्यु हुई है।

    यह भी पढ़ें- बुलंदशहर: खुले नाले में डूबी चारू का शव पांच दिन बाद काली नदी में मिला, बागपत के गोताखोरों ने खाेजा