भारत में घुसपैठ मामले की अब यूपी ATS करेगी जांच, अमेरिकी नागरिक मनवीर और विक्रमजीत से जुड़े लोगों की होगी तलाश
अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह और पंजाब के अजनाला कांड के वांछित विक्रमजीत सिंह से जुड़े भारत में घुसपैठ मामले की जांच अब एटीएस करेगी। ...और पढ़ें

विक्रमजीत सिंह, मनवीर सिंह और जोगा, फाइल फोटो
HighLights
अमेरिकी नागरिक, अजनाला वांछित की घुसपैठ जांच एटीएस करेगी।
नेपाल सीमा से फर्जी दस्तावेजों संग छह लोग पकड़े गए थे।
विक्रमजीत सिंह को पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई।
संतोष श्रीवास्तव, बहराइच। नेपाल के रास्ते भारत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे घुसपैठ करने के मामले में पकड़े गए अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह व पंजाब रोपड़ के अजनाला कांड के वांछित विक्रमजीत मामले की जांच एटीएस करेगी। फिलहाल इस मामले में अभी और गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है।
23 जुलाई को नेपाल के काठमांडू से होकर भारत की सीमा से सटे बांके जिला के जमुनहा चौकी के रास्ते से अमेरिकी नागरिक समेत तीन लोगों को घुसपैठ कराया जा रहा था। एसएसबी 42वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार व जवानों की सक्रियता से बिना वीजा के भारत में घुसपैठ करने वाले अमेरिका निवासी मनवीर सिंह व फर्जी आधार कार्ड के सहारे पंजाब के रोपड़ अजनाला कांड में वांछित विक्रमजीत सिंह को एसएसबी ने धर दबोचा था।
पूछताछ के बाद इनका सहयोग करने वाले रुपईडीहा के चितरहिया महानंदपुरवा निवासी ट्रैवल एजेंसी का कार्य करने वाले सुरेश पाठक, दिलीप पाठक व राहुल को भी पकड़ा गया।
सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में यह बात खुलकर सामने आई कि वारिस पंजाब दे संगठन से जुड़े इन सभी लोगों का मददगार पीलीभीत के पूरनपुर निवासी जोगा सिंह था, जिसे पुलिस ने वहां से पकड़ा। मामले में छह लोगों को जेल भेजा गया था।
चूंकि गिरफ्तार लोगों में अब विदेशी नागरिक व पंजाब निवासी शामिल हैं। ऐसे में देश की सुरक्षा से जुड़े इस मामले की जांच एटीएस को सौंपी जा रही है। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में अब प्रकरण की जांच एटीएस करेगी।
विक्रमजीत सिंह को पंजाब ले गई पुलिस
भारत में घुसपैठ के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध विक्रमजीत सिंह पर पंजाब के अजनाला थाने में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे पंजाब पुलिस के डिप्टी एसपी गुरदीप सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर करनैल सिंह के साथ 10 पुलिस कर्मी बहराइच पहुंचे। सभी ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे लेकर पंजाब चली गईं।