बहराइच में 6.37 करोड़ की लागत से बनेंगे 75 अन्नपूर्णा भवन, वीबी जीरामजी के तहत होगा निर्माण
बहराइच में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए 6.37 करोड़ रुपये की लागत से 75 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य वीबी जीराम ...और पढ़ें

6.37 करोड़ की लागत से बनेंगे 75 अन्नपूर्णा भवन। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
बहराइच में 75 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण।
6.37 करोड़ रुपये की लागत, वीबी जीरामजी योजना।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मिलेगा स्थायी आधार।
जागरण संवाददाता, बहराइच। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए जिले की 75 ग्राम पंचायतों में नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर 6.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य अब मनरेगा की जगह विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी जीरामजी) के तहत कराया जाएगा। निर्माण के लिए भूमि का तलाश की जा रही है।
योजना के तहत प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन के निर्माण पर लगभग 8.50 लाख रुपये की लागत आएगी। भवन बनने के बाद राशन वितरण व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
कोटेदारों को खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी, वहीं लाभार्थियों को भी बेहतर वातावरण में राशन उपलब्ध कराया जा सकेगा। बरसात और अन्य मौसम संबंधी समस्याओं के बीच भी वितरण कार्य प्रभावित नहीं होगा।
जिले में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में 75 भवनों का निर्माण कराया गया था, जबकि वर्ष 2023-24 में 141 अन्नपूर्णा भवन बनाए गए थे। वर्तमान में जिले के 14 विकास खंडों की 1043 ग्राम पंचायतों में कुल 216 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं। इस वर्ष प्रस्तावित 75 नए भवनों का निर्माण पूरा होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 291 हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में पारंपरिक कारीगरों को ट्रेनिंग के बाद मिलेगा टूलकिट, इच्छुक लोग कर सकते हैं आवेदन
अधिकारियों का कहना है कि अन्नपूर्णा भवन बनने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को स्थायी आधार मिलेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी खाद्यान्न के रखरखाव में भी सुधार आएगा तथा कोटेदारों को निजी भवनों या किराये के स्थान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रशासन का प्रयास है कि भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।
इस वित्तीय वर्ष में 75 अन्नपूर्णा भवन बनाए जाने हैं। इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि चिन्हित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -रवि शंकर पांडेय, उपायुक्त वीबी जीरामजी।