बहराइच में 32.84 करोड़ की लागत से बनेगा बहुमंजिला ओपीडी और ऑडिटोरियम, प्रस्ताव को मिली मंजूरी
बहराइच जिले को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत 32.84 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है। इनमें मेडिकल कॉलेज में बहुमंज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बहराइच को 32.84 करोड़ की दो परियोजनाएं स्वीकृत।
मेडिकल कॉलेज में बहुमंजिला ओपीडी भवन बनेगा।
राजकीय इंटर कॉलेज में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण।
जागरण संवाददाता, बहराइच। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत जिले को 32 करोड़ 84 लाख 34 हजार रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति मिल गई है।
प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय समिति की दो जुलाई को हुई बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी है। अब बजट जारी होते ही दोनों परियोजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्वीकृत परियोजनाओं में सबसे बड़ी योजना मेडिकल कॉलेज परिसर में 27 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला ओपीडी भवन का निर्माण है। इसके बनने से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी और बढ़ती मरीज संख्या के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
दूसरी परियोजना के तहत शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में चार करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक आडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके निर्माण से शैक्षिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पिछले वर्ष की 21 परियोजनाएं हस्तांतरित
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अल्पसंख्यक विभाग की 44.59 करोड़ की 21 परियोजनाओं को स्वीकृति मिली थी। इनका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संंबंधित विभाग को हस्तांतरित कर दी गई हैं। इनमें पेयजल की 14 तो एक कामन सर्विस सेंटर के साथ 50 बेड का छात्रावास और केजीबीवी की चहारदीवारी आदि परियोजनाएं शामिल थीं।
विभाग की ओर से पांच परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजे गए थे, जिनमें से दो को स्वीकृति मिली है। केंद्र सरकार से बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। -मुहम्मद खालिद, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।
यह भी पढ़ें- भीटी-हैडरगंज मार्ग को PWD ने कराया दुरुस्त, टूटी सड़कों पर चल रहा मरम्मत का कार्य