Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'वारिस पंजाब दे' सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की जांच तेज, भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी निगरानी

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 05:42 PM (GMT+05:30)

    भारत-नेपाल सीमा पर 'वारिस पंजाब दे' संगठन के अमेरिकी नागरिक समेत दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी बढ़ गई है। ...और पढ़ें

    भारत-नेपाल का रुपईडीहा बार्डर। जागरण

    भारत-नेपाल का रुपईडीहा बार्डर। जागरण

    HighLights

    1. भारत-नेपाल सीमा पर दो 'वारिस पंजाब दे' सदस्य गिरफ्तार।

    2. अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह, वांछित विक्रमजीत सिंह पकड़े गए।

    3. यूपी एसटीएफ ने सीमा पर जांच और निगरानी बढ़ाई।

    संतोष श्रीवास्तव, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा के रुपईडीहा से अमेरिकी नागरिक व पंजाब अजनाला पुलिस स्टेशन में आगजनी व लाकअप में बंद ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के सदस्यों के पकड़े जाने के बाद सीमा पर हलचल बढ़ गई है।

    सुरक्षा एजेंसियों के अलावा यूपी एसटीएफ भी अब गहनता से जांच कर रही है। एसएसबी जवान चौकसी बरतने के साथ खुले रास्ते पर अपनी पैनी निगाहें जमाए हुए हैं। हर आने-जाने वालों की सघन जांच हो रही है।

    रुपईडीहा सीमा पर तैनात एसएसबी 42वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार, इंस्पेक्टर अभिषेक त्रिपाठी के नेतृत्व में जवानों ने फर्जी दस्तावेज के सहारे भारत में घुसपैठ करने वाले अमरिका के कैलीफाेर्निया निवासी मनवीर सिंह व पंजाब के रोपड़ से वांछित चल रहे विक्रमजीत सिंह को पकड़ा था।

    मनवीर जहां बिना वीजा के भारत में दाखिल हो रहा था तो वहीं, विक्रमजीत फर्जी आधारकार्ड के सहारे जवानों को चकमा देने के फिराक में था। पंजाब पुलिस विक्रमजीत की तलाश बीते तीन वर्षों से कर रही थी, लेकिन वह विदेश में छिपा था।

    अजनाला कांड में संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह व विक्रमजीत को नेपाल के काठमांडू में रहने, खाने समेत आने-जाने की पूरी व्यवस्था पीलीभीत के पूरनपुर निवासी जोगा सिंह ने कराई थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा इन्हें भारत में घुसपैठ कराने का ठेका लेने वाले रुपईडीहा के महानंदपुरवा चितरहिया निवासी वाहन चालक राहुल, दिलीप व सुरेश पाठक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा।

    इन सभी के पकड़े जाने के बाद सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। यूपी एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी देवेंद्र कुमार भी रुपईडीहा पहुंचे और गहनता से जांच की। माना जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियां अभी इस मामले में कुछ और बड़ा खुलासा करने के करीब हैं।

    खबरें और भी

    पंजाब कोर्ट में 30 को पेश होगा विक्रमजीत सिंह

     जिला कारागार बहराइच में 24 जुलाई से निरुद्ध विक्रमजीत सिंह को पंजाब पुलिस वारंट बी के जरिए अमृतसर के अजनाला (अंजला) न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में आगामी 30 जुलाई को पेश करेगी। जिला कारागार प्रशासन ने बहराइच में मौजूद पंजाब पुलिस को इसकी जानकारी दी और उसके अभिलेख सौंपे।

    सोमवार को पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने प्रभारी सीजेएम की अदालत में पेश होकर वारंट बी के तहत आरोपित को पंजाब कोर्ट में उपस्थित हाेने की अर्जी लगाई, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए आरोपित को कड़ी सुरक्षा में पंजाब कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए।

    यह भी पढ़ें- महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर फल-फूल रहा तस्करी का धंधा, शराब का हब बने सरहदी गांव

    यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए वारिस पंजाब दे के सदस्य, बैग में रखे कपड़ों से मिले थे अलगावादियों के सुराग