बलिया में 13 आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय बच्ची पर किया हमला, गंभीर हालत में मऊ रेफर
नगरा, बलिया में आठ वर्षीय बच्ची सिंपी पर 13 आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ...और पढ़ें

13 आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय बच्ची पर किया हमला। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। भीमपुरा थाना क्षेत्र के कुशहां रशीदपुर गांव में मंगलवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल अंकुश लगाने और विशेष अभियान चलाने की मांग की है। ओमप्रकाश चौहान की आठ वर्षीय पुत्री सिंपी अपनी पांच सहेलियों के साथ गांव के बाहर स्थित बाग में अमरूद तोड़ने जा रही थी।
रास्ते में अचानक करीब 13 आवारा कुत्तों का झुंड बच्चियों की ओर दौड़ पड़ा। कुत्तों को अपनी ओर आता देख अन्य बच्चियां किसी तरह भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गईं, लेकिन सिंपी उनके चंगुल में फंस गई। कुत्तों ने उस पर हमला कर शरीर के कई हिस्सों में काट लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
बच्ची की हालत गंभीर
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों ने डंडों और शोर-शराबे के सहारे कुत्तों को भगाया और गंभीर रूप से घायल बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया।
इसके बाद स्वजन उसे तत्काल भीमपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के बजाय मऊ रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार किया गया।
डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य आवश्यक उपचार शुरू किया। उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव के लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई लोगों पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।
खबरें और भी
इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।