बलिया में थाने से 25 हजार का इनामी आरोपी फरार, SP ने तीन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
बलिया में 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिसके बाद एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। ...और पढ़ें

25 हजार के इनामी के फरार होने के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
HighLights
सुखपुरा थाने से 25 हजार का इनामी बदमाश फरार।
एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।
फरार बदमाश प्रिंस यादव की तलाश में छापेमारी जारी।
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया)। सुखपुरा थाने से 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर थाने के मुंशी वीरेंद्र कुमार तथा पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी भरत चौरसिया और सुनील यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सीओ सिटी सतीश शर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
घटना गत शुक्रवार रात की है। करनई गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर डायल-112 पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर सुखपुरा थाने पहुंची, जहां उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
उसी समय क्षेत्र में मुहर्रम के जुलूसों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में अधिकांश पुलिसकर्मी व्यस्त थे। इसी दौरान युवक थाना परिसर के पीछे स्थित रास्ते से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ देर बाद उसकी पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी प्रिंस यादव के रूप में हुई।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, उसके खिलाफ सदर कोतवाली सहित जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह सदर कोतवाली पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपये का इनामी भी है और लंबे समय से वांछित चल रहा था।
खबरें और भी
मामले को गोपनीय रखते हुए पुलिस की कई टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच में प्रथम दृष्टया ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित मुंशी और दो पीआरवी जवानों को निलंबित किया गया है। फरार इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। उन्होंने जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेने का दावा किया।